ठगी: रेस्टोरेंट में गायक दिलजीत दोसांझ को बुलाने और ट्रेडिंग के नाम पर ठग लिए 1.07 करोड़ रुपए
देहरादून। ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने और मशहूर गायक दिलजीत दोसांझ को रेस्टोरेंट के प्रमोशन के लिए बुलाने का झांसा दे कारोबारी से 1.15 करोड़ रुपये ठग लिए गए। मामले में राजपुर थाना पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजपुर इंस्पेक्टर प्रदीप रावत ने बताया कि पीड़ित अभिषेक पारिख ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनकी मुलाकात प्रीतम सिंह चटवाल के जरिए एडीआर ट्रेडर्स के संचालक अंकित सिंह से हुई थी। अंकित ने खुद को बहुत बड़ा ट्रेडर बताया। विश्वास जीतने के लिए निवेश और मुनाफे के फर्जी दस्तावेज दिखाए। उसने अभिषेक को झांसा दिया कि यदि वह 90 लाख रुपये का निवेश करेंगे, तो उन्हें प्रतिदिन 1.8 लाख रुपये का लाभ होगा। उसकी बातों में आकर अभिषेक ने 90 लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन मुनाफा मिला। फिर कई दिनों तक मुनाफा नहीं मिला तो शिकायत करने पर आरोपी ने कंपनी की तरफ से एक ई-मेल भेजकर रकम सुरक्षित होने और लगातार बढ़ने का झूठा दावा किया। मार्च 2026 में पीड़ित अभिषेक ने एक नया रेस्टोरेंट खोला। इसके प्रमोशन की चर्चा के दौरान अंकित ने दावा किया कि वह गायक दिलजीत दोसांझ को बहुत करीब से जानता है और उन्हें यहां बुला सकता है। इसके एवज में उसने 24 लाख रुपये की मांग की। अभिषेक यह भी चुका दिए। इसके बाद आरोपी ने फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर डेढ़ लाख रुपये और ऐंठ लिए। जब काफी दिनों तक इंतजार करने के बाद भी गायक नहीं आए, तो अभिषेक को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित के मुताबिक वह आरोपी को कुल एक करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपये दे चुके हैं। जिसमें से केवल 7.80 लाख रुपये ही वापस किए गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी कंपनी एमएस एडीआर ट्रेडर्स, अंकित सिंह, पूजा चमोली और आदित्य राव सभी निवासी पार्क वेल सोसायटी टावर ए, मसूरी रोड मालसी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
