अफ़रा-तफ़री: पेट्रोल पंप पर पहुंचा जंगली हाथी, कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान
हरिद्वार। हरिद्वार के रिहायशी इलाकों में जंगली हाथियों ने एक बार फिर दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बुधवार देर रात दुधाधारी चौक के पास एक हाथी अचानक एक पेट्रोल पंप में घुस आया। जान बचाने के लिए कर्मचारियों और ग्राहकों को भागना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी सीधे पेट्रोल पंप परिसर में दाखिल हुआ। उसे देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ देर तक हाथी पेट्रोल पंप के भीतर घूमता रहा, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। इसके बाद हाथी हाईवे की सर्विस लेन से होते हुए रानी गली की ओर बढ़ गया। वहीं, कुछ लोग जान जोखिम में डालकर हाथी के करीब पहुंचकर वीडियो बनाने लगे। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले भीड़ को नियंत्रित किया। वायरल हो रहे वीडियो में वनकर्मी लोगों को लगातार सावधान रहने और हाथी से दूरी बनाए रखने की चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति संभाल ली गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
