दर्दनाक: हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल
रुद्रपुर। हाईवे पर बगवाड़ा मंडी के पास गुरुवार तड़के एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुनिया थाना देवरिया बहेड़ी जिला बरेली निवासी 29 वर्षीय दुर्ग पाल पुत्र पूरन लाल रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में किराये पर रहकर सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार शाम वह मानपुर शेरगढ़, बरेली में दोस्त की बारात में शामिल होने गया था। गुरुवार तड़के वह अपने दोस्त शिवम निवासी राजा कॉलोनी के साथ बाइक से रुद्रपुर लौट रहा था। करीब चार बजे बगवाड़ा मंडी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दुर्ग पाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवम का उपचार जारी है। मृतक युवक अपने पीछे पत्नी सरिता और दो बेटियां 5 वर्षीय कायरा और डेढ़ वर्षीय नायरा को रोता-बिलखता छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। एसएसआई केसी आर्या ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर चार वर्षीय बच्ची की मौत
उधर, ग्राम महाराजपुर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक चार वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल बाइक सवार अस्पताल से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बुधवार शाम ग्राम महाराजपुर निवासी इंद्रपाल की चार वर्षीय बेटी ईशान्वी खेलते हुए घर से बाहर सड़क पर आ गई। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल रुद्रपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। ईशान्वी परिवार में सबसे छोटी थी। उसका एक 6 वर्षीय भाई और 14 वर्षीय बड़ी बहन है। पिता इंद्रपाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिजनों के अनुसार, हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह वहां से भाग गया। लालपुर पुलिस चौकी प्रभारी बसंत प्रसाद ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी बाइक चालक की तलाश की जा रही है।
