दहशत: पहाड़ों में जारी हैं जंगली जानवरों के हमले, गुलदार ने बकरियों को बनाया निवाला

दहशत: पहाड़ों में जारी हैं जंगली जानवरों के हमले, गुलदार ने बकरियों को बनाया निवाला
Spread the love

बागेश्वर। कपकोट की ग्राम सभा नामती चेटाबगड़ के अंतर्गत भदीना गांव में रविवार शाम को गुलदार ने एक ग्रामीण की तीन बकरियों को मार डाला। गांव में गुलदार की आमद से ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग से मुआवजा दिलाने की मांग की हैं। रविवार को भदीना गांव निवासी बुजुर्ग मोहन चंद्र पाठक रोज की तरह अपनी बकरियों को घर के पास जंगल में चराने ले गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर तीन बकरियों को शिकार बना लिया। अन्य बकरियों के भागने पर मोहन चंद्र को गुलदार के हमले का आभास हुआ। उन्होंने शोर मचाया, इसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, जिस पर वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। गुलदार की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित मुआवजा देने के साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि पलायन के चलते अब जंगली जानवर घरों तक पहुंचने लगे हैं। जो फसलों को भी क्षतिग्रस्त करने लगे हैं।

Parvatanchal