आवाज़: निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, रोक लगाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

आवाज़: निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, रोक लगाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
Spread the love

रुद्रपुर। निजी विद्यालयों की मनमानी, बढ़ती फीस और शिक्षा के व्यवसायीकरण के विरोध में सोमवार को अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। डीएम की अनुपस्थिति में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गणेश आर्या को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा को भी ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। सुब्रत कुमार विश्वास के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने निजी स्कूलों द्वारा मनमाने शुल्क वृद्धि, नियमों की अनदेखी और किताबों व यूनिफॉर्म में एकाधिकार के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्कूली शिक्षा में सुधार, एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू करने और फीस नियंत्रण के लिए ठोस नीति बनाने की मांग उठाई। ज्ञापन में प्रमुख मांगों के रूप में सभी विद्यालयों की पाठ्यपुस्तकों की सूची सार्वजनिक करने, किताबों व यूनिफॉर्म की सामान्य बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित करने, न्यूनतम दर पर पुस्तकें उपलब्ध कराने और निजी विद्यालयों की फीस पर पारदर्शी नियंत्रण नीति लागू करने की बात कही गई। साथ ही बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों पर कार्रवाई और कमीशनखोरी पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इससे पहले 8 अप्रैल को भी उपजिलाधिकारी को इसी संबंध में ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे अभिभावकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित कर समयबद्ध समाधान की मांग की गई।

Parvatanchal