आक्रोश: हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की गिरफ्तारी की मांग तेज़, मंच से गालियां देने का है आरोप

आक्रोश: हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की गिरफ्तारी की मांग तेज़, मंच से गालियां देने का है आरोप
Spread the love

देहरादून।  विभिन्न संगठनों की ओर से सोमवार को जिलाधिकारी और एसएसपी को ज्ञापन सौंपा गया। इसके माध्यम से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डीएवी कॉलेज में आयोजित हुए छात्र संघ समारोह के दौरान मंच पर गाली गलौज करने के मामले में हरियाणा के गायक मासूम शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सभी ने मंच पर छात्रों के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग करने की कड़े शब्दों में निंदा की। इस अवसर पर नवनीत गुंसाई, सीपीएम सचिव अनंत आकाश, सीटू के जिला महामंत्री व डीएवी छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष लेखराज, राष्ट्रीय उत्तराखंड पार्टी महामंत्री बालेश बबानिया, सीटू के जिला उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, उत्तराखंड आंदोलनकारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार, नेताजी संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रभात डंडरियाल, रविन्द्र नौडियाल, चिंतन सकलानी, गुरूप्रसाद, हरीश कुमार, सन्नी भट्ट आदि मौजूद रहे।
डाकपत्थर कॉलेज में एनएसयूआई का प्रदर्शन, गायक का पुतला फूंका
उधर, डाकपत्थर महाविद्यालय में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने हरियाणवी गायक मासूम शर्मा का पुतला दहन किया। यह विरोध देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गायक द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा के प्रयोग के खिलाफ किया गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र समुदाय की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले ऐसे व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जाए और आयोजकों को जिम्मेदार ठहराया जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए गायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एनएसयूआई नेताओं ने स्पष्ट किया कि संगठन हमेशा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए खड़ा रहेगा और किसी भी प्रकार की अभद्रता या असंवेदनशीलता का विरोध करता रहेगा। इस घटना ने कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया और संगठन ने चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Parvatanchal