आरोप: जुए के पैसों के विवाद में युवक को गंगनहर में धक्का देकर मार डाला, पड़ोसी पर आरोप
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में लापता हुए युवक की मौत के मामले में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। मां ने पड़ोसी पर आरोप लगाया है कि उसने जुए के पैसों के विवाद में बेटे को नहर में धक्का देकर हत्या कर दी और बाद में खुद ही लोगों के सामने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस की ओर से कार्रवाई न करने पर महिला ने कोर्ट में शिकायत पर पड़ोसी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी के मुताबिक लाल मंदिर कॉलोनी ज्वालापुर निवासी मृतक की मां कर्मवती ने शिकायत कर बताया था कि बीते साल 25 सितंबर को उनका बेटा नरेंद्र घर से बिना बताए चला गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इस पर 28 सितंबर को थाना ज्वालापुर में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। अगले दिन 29 सितंबर को पुलिस की सूचना पर परिवार पथरी पावर हाउस बहादराबाद पहुंचा, जहां नहर से एक शव बरामद हुआ था, जो नरेंद्र का था। आरोप है कि साथ गए पड़ोसी अंकुर निवासी लाल मंदिर कॉलोनी, ज्वालापुर ने बार-बार शव को नरेंद्र का न बताते हुए उन्हें गुमराह करने की कोशिश की और यहां तक कह दिया कि यदि शव नरेंद्र का निकला तो वह एक लाख रुपये या अपना टेंपो हार जाएगा। इस व्यवहार से परिवार को उस पर शक हुआ। कर्मवती के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद 30 सितंबर को नरेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक अक्टूबर की रात करीब 9 बजे जब घर में घटना को लेकर चर्चा हो रही थी, तब अंकुर ने कथित तौर पर सबके सामने माफी मांगते हुए कहा कि जुए के पैसों को लेकर उसका नरेंद्र से विवाद हुआ था और उसने उसे ज्वालापुर के जग्गू घाट स्थित नहर में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि इस दौरान उसने कर्मवती और उनके दूसरे पुत्र धर्मेंद्र को धमकी भी दी कि यदि उन्होंने कार्रवाई की तो उन्हें भी जान से मार देगा। पीड़िता पहले ज्वालापुर और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को शिकायत की, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय में वाद दायर कर आरोपी अंकुर पुत्र सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
