गैस किल्लतः शादियों के व्यंजनों में कटौती, कैटरिंग महंगी होने की उम्मीद इंडक्शन चूल्हों की  मांग बढी

गैस किल्लतः शादियों के व्यंजनों में कटौती, कैटरिंग महंगी होने की उम्मीद इंडक्शन चूल्हों की  मांग बढी
Spread the love

हल्द्वानी। उत्तराखंड में व्यावसायिक सिलिंडर की किल्लत से शादियों पर संकट गहरा गया है। हल्द्वानी में प्लेट के दाम बढ़ेंगे ऐसी उम्मीद जताई जा रही है। इधर गैस की किल्लत के बाद इंडक्शन चूल्हों की  मांग बढ़ गयी है।
अप्रैल में 15, 20, 21, 25 से 29 तारीख और मई में 1, 3, 5, 6, 7, 8, 13 और 14 तारीख को विवाह के मुहूर्त हैं। इस बार विवाह के मुहूर्त कम होने से शादियां अधिक होंगी। आमतौर पर भी विवाह सीजन में जिले में प्रतिदिन लगभग 150 शादियां होती हैं।
जिले में सबसे अधिक शादियां हल्द्वानी में ही होती हैं। ऐसे में व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति ठप होने का सर्वाधिक असर भी यहीं देखने को मिलने के आसार हैं। कैटरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन पांडे ने बताया कि शहर में लगभग 80 बैंक्वेट हाल हैं, जो विवाह सीजन में हर दिन बुक रहते हैं। वहीं घरों में भी शादियां होती हैं, जहां केटरिंग की बुकिंग होती है। उन्होंने बताया कि खाना तो लकड़ी से बन जाएगा, लेकिन बुफे में खाना गर्म रखने के लिए इंडक्शन चूल्हे की जरूरत पड़ेगी। इससे लागत बढ़ेगी। ऐसे में प्रति प्लेट 100 से 150 रुपये बढ़ाने पड़ेंगे। वहीं लोगों को अपना बजट नियंत्रित करने के लिए व्यंजनों में कटौती करने पड़ेगी।
जिले में इंडक्शन चूल्हों की भी मांग बढ़ गई है। इस कारण कई जगहों पर इनका स्टाक खत्म हो गया है। हल्द्वानी में बड़े स्टोर में आम तौर पर दो-तीन इंडक्शन चूल्हे बिकते थे, जो अब बढ़कर 15 तक पहुंच गए हैं। यही नहीं कुछ बड़े स्टोर में स्टाक भी खत्म हो गया है। उनके संचालकों का कहना है कि स्टाक की डिमांड भेज दी है, लेकिन कब तक आएगी इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है। उधर, ई-कामर्स प्लेटफार्म में भी बड़े ब्रांड के इंडक्शन चूल्हे अनुपलब्ध दिख रहे हैं। वहीं रामनगर के एक कारोबारी ने बताया कि दो किलोवाट का इंडक्शन चूल्हे की कीमत 2000 रुपये से शुरू हो रही है, खरीदार बढ़ गए हैं।

Parvatanchal