बजट से पहले हितधारकों से संवाद करने कल पौड़ी पहुंचेंगे सीएम धामी

पौड़ी गढ़वाल। 20 फरवरी को सीएम धामी पौड़ी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान सीएम धामी रांसी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। सीएम धामी के दौरे के देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन लगातार स्थल का निरीक्षण कर रहा है।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। जानकारी के अनुसार बजट से पूर्व विभिन्न विभागों के हितधारकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें मुख्यमंत्री सीधे तौर पर सभी हितधारकों की समस्याएं और सुझाव सुनेंगे। कार्यक्रम में व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की सहभागिता रहेगी। संवाद के माध्यम से आगामी बजट के लिए सुझाव और समस्याएं सुनी जाएंगी। जिससे उन्हें नीतिगत निर्णयों में शामिल किया जा सके।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस भदौरिया ने बताया उन्होंने स्वयं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। रांसी मैदान में लोगों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, मंच व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग सहित सभी आवश्यक इंतजाम कर दिए गए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर व्यापक सुरक्षा योजना लागू की गई है। कार्यक्रम स्थल व आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। जिससे आम लोगों को असुविधा न हो। शहर के प्रमुख मार्गों पर पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन का कहना है कि यह संवाद कार्यक्रम आगामी बजट से पहले जनता की अपेक्षाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। जिसमें प्राप्त सुझावों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह है।


