त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मानीं प्रदेश की कानून-व्यवस्था में खामियां, पुलिस को दी नसीहत, जमीन जायदाद में न ले दिलचस्पी

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मानीं प्रदेश की कानून-व्यवस्था में खामियां, पुलिस को दी नसीहत, जमीन जायदाद में न ले दिलचस्पी
Spread the love
देहरादून। राजधानी देहरादून और हरिद्वार समेत राज्य के दूसरे जिलों में हाल ही में घटी आपराधिक घटनाओं ने उत्तराखंड जैसे शांत राज्य की चिंता बढ़ा दी है। देहरादून में हुई हत्याओं के बाद कांग्रेस ने पुलिस और राज्य सरकार के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। अब उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार से बीजेपी सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस बढ़ते अपराध पर एक बड़ा बयान दिया है। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को नसीहत भी दी है। उन्होंने माना भी है कि बीते कुछ समय में राज्य की कानून-व्यवस्था में कुछ खामिया जरूर सामने आई हैं।
उत्तराखंड में बढ़ते अपराध दर पर चिंता जताते हुए बीजेपी सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुलिस को नसीहत दी और कहा कि पुलिस को जमीन-जायजादों के मामलों में ज्यादा दिलचस्पी नहीं लेनी चाहिए, क्योंकि यह राजस्व विभाग की जिम्मेदारी है। जमीन-जायजादों के मामलों पर राजस्व विभाग को फैसला करना चाहिए। अगर पुलिस इस पर बहुत ज्यादा ध्यान देगी, तो इसका असर पुलिसिंग पर पड़ेगा।
रावत ने ये भी कहा कि उत्तराखंड में हाल की घटनाएं चिंता पैदा करने वाली है। क्योंकि उत्तराखंड एक शांत राज्य के तौर पर जाना जाता है। राज्य की अच्छी इमेज है, लेकिन इस तरह की घटनाएं नेगेटिव इमेज बनाती हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में देश-विदेश से टूरिस्ट आते हैं और बड़ी संख्या में तीर्थयात्री भी आते हैं। अगर टूरिस्ट और तीर्थयात्री सुरक्षा की कमी को लेकर चिंता करेंगे, तो इससे राज्य की इमेज को नुकसान होगा। राज्य में कई विभाग हैं, हर एक की अपनी जिम्मेदारी है। क्योंकि उनका काम बंटा हुआ है, इसलिए हर डिपार्टमेंट को अपनी ड्यूटी निभानी चाहिए।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कुछ दिनों से मैंने अनुभव किया है कि कानून व्यवस्था में कहीं न कहीं खामियां आई हैं, इसलिए मैं समय-समय पर सुझाव देता हूं कि जो आपका काम है वो करिए ताकि जो काम में समस्याएं आ रही हैं हो वो कम हो सकें।
बता दें कि, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पिछले 15 से 20 दिनों में छह मर्डर के मामले सामने आए हैं। दूसरे जिलों में भी ऐसी ही कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे विपक्ष को सरकार और पुलिस को घेरने का मौका मिल गया है। अब पुलिस की कार्यशैली पर खुद बीजेपी के बड़े नेता त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

Parvatanchal