ख़ौफ़: भालू की बढ़ी धमक से ग्रामीणों में फैली दशहत, वन विभाग ने दी सतर्कत रहने की नसीहत
ऋषिकेश। खदरी खड़कमाफ ग्रामसभा में भालू की धमक बरकार है, जिससे ग्रामीणों में दशहत का माहौल है। आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी भालू की आमद से वजह से खौफ बढ़ रहा है। वन विभाग की टीम भालू की तलाश कर रही है, लेकिन दिन में वह गांवों से सटे जंगलों में कहीं भी नजर नहीं आ रहा है। ग्रामीणों से फिलहाल वनकर्मी सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों से हर रात भालू खदरी खड़कमाफ स्थित दिल्ली फार्म की गलियों में घूम रहा है। कभी सीसीटीवी कैमरे, तो कभी ग्रामीणों ने रास्ते पर भालू की तस्वीरों को भी कैमरे कैद किया है। भालू के लगातार गांव की आबादी क्षेत्र में घूमने से लोगों में दशहत फैल गई है। उन्हें सुरक्षा का खतरा बना हुआ है। इसकी शिकायत वन विभाग से की गई है, जिसके बाद से वनकर्मी खदरी व आसपास के गांवों से सटे जंगलों में भालू की तलाश में जुटे हैं। हालांकि, उन्हें अभी तक भालू कहीं नजर नहीं आया है। वहीं, भालू के आबादी में पहुंचने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। समाजसेवी शांति प्रसाद थपलियाल की मानें तो अरसों से न तो किसी ने गांव और न ही आसपास किसी ग्रामीण ने भालू को इस तरह से आबादी में घूमते नहीं देखा है। पर्वतीय क्षेत्रों में भालू के हमलों के बाद यहां धमक से ग्रामीणों का परेशान होना स्वभाविक है। उन्होंने वन विभाग से ग्रामीणों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

