आयोजन: उत्तराखण्ड कांग्रेस मुख्यालय में मनाया गया पार्टी का स्थापना दिवस
महेंद्र भट्ट पर बरसे गणेश गोदियाल, बोले-खुद अपने नेताओं की जाति बताकर कर रहे अपमान
देहरादून। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कथित ऑडियो मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर अनुसूचित जाति समाज के अपमान का आरोप लगाया। जिसके बाद गणेश गोदियाल बुरी तरह से महेंद्र भट्ट पर बिफर पड़े। उन्होंने तल्ख लहजे में महेंद्र भट्ट के बयान की निंदा की। साथ ही कहा कि अफसोस की बात है कि अंकिता मामले पर पूरी सरकार मौन है। इतने दिन बीतने के बाद भी सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने महेंद्र भट्ट के उस बयान की तीखी निंदा करते हुए चुनौती दी, जिसमें उन्होंने अनुसूचित जाति समाज के अपमान का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट खुद अपने नेताओं की जाति बताकर मामले को डायवर्ट कर रहे हैं। उन्हें यह पता होना चाहिए कि उन्होंने खुद अपने शीर्ष नेता की जाति बताकर उस जाति का अपमान किया है। खुद उन पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाया हुआ है, उस आरोपों के तहत वो खुद आरोपी हैं।
उन्होंने कहा कि अगर गणेश गोदियाल होने के नाते वो कोई ऐसी अयोग्यता अर्जित कर लेते हैं तो यह उनकी जाति का नहीं बल्कि गणेश गोदियाल का अपमान माना जाएगा। इसलिए महेंद्र भट्ट को गुरुर नहीं करना चाहिए। प्रदेश की सरकार बीजेपी के गुरुर में नहीं रहे। उन्होंने चेताया कि प्रदेश का युवा, महिलाएं और हर एक व्यक्ति जिनका उत्तराखंड से स्नेह है, इस सरकार को जवाब देगा।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने आज पार्टी मुख्यालय में अपना 140 वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ध्वजारोहण किया और कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम एवं राष्ट्रगान गाया, उसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे का मिठाई खिलाकर कांग्रेस संगठन के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस विश्व की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी है। आजादी के आंदोलन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का सबसे अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी में सबसे अग्रणी भूमिका निभाई थी। भारत के स्वर्णिम इतिहास के पन्नों में 28 दिसंबर 1885 का दिन देश की महान जनता के दिलो दिमाग पर अमिट स्मृति और आत्मविश्वास को जगाने वाला यादगार दिन है। जिन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना की थी, उनको यह कल्पना भी नहीं थी कि जिस संस्था का भारत की जनता के उत्पीड़न के विरोध, मानवीय अधिकारों और राज्य सत्ता में सुनवाई के हक की लड़ाई के लिए गठित किए जाने वाला यह संगठन एक दिन भारत की जनता को एक सूत्र में पिरोएगा। साथ ही देश के नवनिर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि जिनकी उम्मीद नाउम्मीदगी में बदलती नजर आ रही हो, दबे, कुचले, गरीबों और असहाय वर्गों के साथ कांग्रेस हमेशा खड़ी रही है। यही कांग्रेस पार्टी की मूल भावना रही है। जिन उद्देश्यों के लिए कांग्रेस की स्थापना हुई है, उसमें से एक बड़ा मकसद देश की आजादी का रहा, लेकिन आज उससे भी कठिन संकल्प लिए जाने की आवश्यकता है। सभी कांग्रेसजनों ने आज के दिन यह संकल्प लिया है कि जिस आजादी के लिए विभिन्न तबकों, जाति, धर्म के लोगों ने अपनी कुर्बानी दी और आजादी पाई, उसी आजादी को अक्षुण रखने और भारत के संविधान को मजबूत करने के लिए और मजबूती के साथ कांग्रेसजन काम करेंगे। गणेश गोदियाल का कहना है कि कांग्रेस का लक्ष्य एक ऐसे भारत का निर्माण करना है, जो विषमताओं और शोषण से मुक्त हो। जिनमें सभी नागरिक खुशहाली, भाईचारा और शांति के साथ समान रूप में रहे। उनका कहना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी अपने इस ऐतिहासिक लक्ष्य को भी पूरा करके रहेगी।

