आरोप: भाजपा पहाड़-मैदान की खाई पैदा कर रही; कांग्रेस नेताओं ने बोला सियासी हमला

हरिद्वार बहादुरपुर जट में कांग्रेस की ओर से रजत जयंती के उपलक्ष में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित जन एवं कांग्रेस वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के सम्मान में जन प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा कार्यक्रम संयोजक हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। पथरी क्षेत्र के गांव बहादरपुर जट में कांग्रेस की ओर से रजत जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा राज्य में पहाड़ और मैदान वाद को बढ़ावा देने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी राज्य में इस मुद्दे को बढ़ावा नहीं देने देगी। इसके लिए कांग्रेस को कोई भी कुर्बानी देनी पड़े वह तैयार रहेगी। कहा कि हम सबको अभी से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटना होगा, तभी हम सब मिलकर 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर सकते हैं। भाजपा की खामियों को जनता तक पहुंचाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में हमें भाजपा के लोगों के बहकावे से बचना होगा। कार्यक्रम में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं होने देगी। हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कार्यक्रम में आए सभी लोगों का आभार जताया है। संचालन धर्मेंद्र चौहान व अध्यक्षता संतोष चौहान ने की। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ग्रामीण जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, पूर्व प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह रावत, साधुराम चौहान, महावीर रावत, महेश राणा, राजबीर चौहान, मुशर्रफ अंसारी, शकील अंसारी, राव आफाक अली, पूर्व विधायक तसलीम अहमद, सुशील कुमार, खेम सिंह चौधरी, सत्यवीर सिंह, मुरली मनोहर आदि ने विचार व्यक्त किए हैं।


