धोखाधड़ी: पॉलिसी रिफंड के नाम पर बुजुर्ग से 72.33 लाख की साइबर ठगी, जांच शुरू
रुद्रपुर(आरएनएस)। हल्द्वानी निवासी एक बुजुर्ग को बीमा पॉलिसियों का बोनस सहित करीब एक करोड़ रुपये का रिफंड दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 72.33 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पंतनगर ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हल्द्वानी निवासी सुरेन्द्र सिंह ने साइबर क्राइम थाने में दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर पांच बीमा पॉलिसियां ली थीं। पहले प्रीमियम का भुगतान करने के बाद वह आगे की किस्तें जमा नहीं कर सके। इसके बाद जुलाई 2025 से उन्हें विभिन्न मोबाइल नंबरों से कॉल आने लगीं। कॉल करने वालों ने स्वयं को भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनकी सभी पॉलिसियों के प्रीमियम और बोनस को मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये का रिफंड बनता है। इसके लिए उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से मंगवाए गए। बाद में प्रोसेसिंग फीस, कैपिटल गेन टैक्स, जीएसटी, आरबीआई चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। पीड़ित ने 14 जुलाई 2025 से 6 मई 2026 के बीच 84 ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 72,33,600 रुपये जमा कर दिए। इसके बाद जब सभी मोबाइल नंबर बंद हो गए तो उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला। साइबर क्राइम थाना पंतनगर प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

