हिम्मत: दुकान में डकैती डालने आए बदमाश से भिड़ गया ज्वेलर्स, जमकर धुनाई कर सौंप दिया पुलिस को

हिम्मत: दुकान में डकैती डालने आए बदमाश से भिड़ गया ज्वेलर्स, जमकर धुनाई कर सौंप दिया पुलिस को
Spread the love

 

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के पॉश इलाके में दिनदहाड़े बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान में डकैती डालने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार की बहादुरी के कारण बदमाश वारदात को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो पाए। वहीं, एक बदमाश भी लोगों के हत्थे चढ़ गया, जिसकी लोगों ने जमकर धुनाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, पांच आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गए. ये पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक घटना दोपहर करीब 1.30 बजे की है. शिवालिक नगर के मुख्य बाजार में स्थित अमन ज्वेलर्स की दुकान के बाहर दो मोटर साइकिलों पर छह युवक आए। इनमें से तीन युवक तो तेजी से दुकान के भीतर घुस आए और हथियार के बल पर दुकानदार से सोना चांदी निकालने को कहने लगे, जबकि तीन बदमाश दुकान के बाहर ही खड़े रहे। अमन ज्वेलर्स के मालिक का कहना है कि वो दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तीन डकैत दुकान के अंदर घुसे और उन्होंने हमारे ऊपर कट्टे तान दिए। साथ ही तमंचे के बल पर सोने-चांदी के जेवरात निकालने को कहा। हालांकि जब उन्होंने सोने-चांदी देने में आनाकानी की तो वे मारपीट करने लगे। इसके बाद एक बदमाश ने कट्टे से उनके सिर पर जोरदार हमला किया। अमन ज्वेलर्स के मालिक का कहना है कि उनके दिमाग में बस यही चल रहा था कि यदि आज बदमाश उनका माल लूटने में कामयाब हो गए तो, वो बर्बाद हो जाएगी। इसी वजह से उनमें हिम्मत आई और उन्होंने एक बदमाश को कस कर पकड़ लिया। हालांकि पांच बदमाश थोड़ा बहुत सोना चांदी लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

फोटो डी 3

लापरवाही: रेल परियोजना के एडिट टनल 7 में धमाका, एक कर्मचारी की मौत

रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की रैंतोली में निर्माणाधीन एडिट टनल 7 पर हुए विस्फोट में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जिससे गुस्साए कर्मचारी और मजदूरों ने सुमेरपुर मेगा कंपनी कार्यालय में प्रदर्शन किया। साथ ही निर्माण कार्य रोक दिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपया मुआवजा देने की मांग की।
रैंतोली एडिट टनल 7 पर लापरवाही के कारण हुए विस्फोट से यहां काम कर रहे एक कर्मचारी गुड्डू भिलंगवाल (40 वर्ष) निवासी क्वीली की मौत हो गई। जिसकी खबर मिलते ही कर्मचारी और मजदूरों ने मेगा कंपनी कार्यालय में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी मजदूरों ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही कंपनी द्वारा बाहर निकाले गए 6 लोगों को वापस काम पर रखने की मांग की। वहीं, मजदूरों ने कहा कि विस्फोट में घायल व्यक्ति को उचित उपचार और आर्थिक सहायता दी जाए। प्रत्यक्षदर्शी अनुज भट्ट ने कहा वह दोनों टनल के अंदर काम कर रहे थे। जबकि उनके साथ गुड्डू कैप्सूल भर रहा था. साथ ही ब्लास्टिंग भी सामने रखी थी। कुछ ही देर में ब्लास्टिंग में विस्फोट हुआ और गुड्डू भिलंगवाल की मौत हो गई।
मेगा कंपनी के डीजीएम एचएन सिंह ने कहा कि कंपनी के नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा। कंपनी पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ है।

 

सीनाजोरी: वन आरक्षी के साथ युवकों ने की मारपीट, मुकदमा दर्ज

पौड़ी। तहसील के अंतर्गत आने वाले कल्जीखाल ब्लॉक क्षेत्र के 4 युवकों द्वारा वन विभाग के वन आरक्षी के साथ मारपीट  की गई है। वन आरक्षी की तहरीर पर युवकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वन आरक्षी पंकज नेगी ने बताया कि वह अपने अदवानी क्षेत्र में गश्त पर थे। वहीं, छजोली धार के पास 4 युवक और 2 युवतियां संग बैठे हुए थे।
उनके द्वारा उनसे आग्रह किया गया कि यह क्षेत्र गुलदार संभावित है। साथ ही अन्य जंगली जानवरों का खतरा भी है। इसके अलावा वर्तमान में फायर सीजन जारी है। ऐसे में कोई अप्रिय घटना क्षेत्र में ना हो इसको लेकर उनसे जाने के लिए कहा गया। ये बात युवकों को नागवार गुजरी और उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। उसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। इससे उनके चेहरे और सिर पर चोटें आई हैं। इसकी शिकायत तहसील पौड़ी में कर दी गई है। वहीं, नायब तहसीलदार संजय नेगी ने बताया कि वन आरक्षी पंकज नेगी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Parvatanchal