हादसा: गंगा में नहाने को उतरे युवक की डूबकर हो गई मौत, एसडीआरएफ ने किया शव बरामद
हरिद्वार। गुजरात से उत्तराखंड यात्रा पर आए दल के एक सदस्य की यहां गंगा में डूब जाने से मौत हो गई।
रात्रि में एसडीआरएफ टीम को पुलिस चौकी सप्त ऋषि द्वारा बताया कि एक व्यक्ति सप्त ऋषि परमार्थ घाट पर स्नान करने के दौरान डूब गया है। जिसकी सर्चिंग हेतु एसडीआरएफ को सूचित किया गया। सूचना प्राप्त होने पर एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से डीप डाइविंग टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
एसडीआरएफ टीम को घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पता चला कि 20 लोगों का दल हरिद्वार घूमने के लिए आया था, जिसमें से एक युवक सप्त ऋषि परमार्थ घाट पर स्नान करने चला गया। घाट पर गंगा नदी के पानी की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण उक्त युवक गहरे पानी में डूब गया।
एसडीआरएफ टीम द्वारा युवक की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया परंतु गहन सर्चिंग के उपरांत लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से डीप डाइविंग टीम द्वारा पुनः घटनास्थल पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्चिंग के दौरान एसडीआरएफ टीम के कुशल डीप डाइवर अनूप सिंह को पानी की गहराई में उतारा गया।
गहन सर्चिंग के उपरांत 15 फीट की गहराई से युवक के शव को बरामद कर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। मृतक की पहचान कल्पेश पुत्र नरसी भाई, उम्र 20 वर्ष निवासी- लखिया बीरा, भुज (गुजरात) के रूप में की गई। एसडीआरएफ डीप डाइविंग टीम में आरक्षी जितेंद्र सिंह रावत, मातबर सिंह, अनिल , रमेश व अनूप रावत शामिल थे।

