हादसा: अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई बाइक,हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत, अन्य दो घायल
काशीपुर(आरएनएस)। कोतवाली क्षेत्र के कनौरा ईदगाह के पास पुल पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि कनौरा ईदगाह के पास पुल पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़े हैं। सूचना मिलते ही दोराहा चौकी की चीता मोबाइल पुलिस और 112 टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने देखा कि तीनों युवक लहूलुहान हालत में पड़े हुए थे। जांच करने पर हर्षित रस्तोगी (19) पुत्र सुरेश, निवासी वार्ड नंबर 24 रमपुरा, थाना रुद्रपुर को मृत पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बाजपुर मोर्चरी भिजवा दिया। हादसे में मानिक रस्तोगी (20) पुत्र राजीव और जीतू कोहली (19) पुत्र महेश, दोनों निवासी वार्ड नंबर 24 रम्पुरा रुद्रपुर घायल हो गए। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोराहा चौकी में खड़ा करा दिया है। एसआई प्रह्लाद सिंह ने बताया कि प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि तीनों युवक देर रात हरिद्वार के लिए निकले थे। रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर पुल पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की जांच की जाएगी।
संदिग्ध परिस्थितियों में नदी किनारे मिला गोशाला कर्मी का शव
एक अन्य घटना में केलाखेड़ा क्षेत्र के बरवाला गांव में शनिवार दोपहर संडीला नदी किनारे एक वृद्ध संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बलजीत सिंह (60) पुत्र हरि सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मूल रूप से हरियाणा के गांव नंदाना निवासी बलजीत सिंह पिछले कई वर्षों से डिप्टी फार्म भव्वा नगला में रह रहा था। वह एक फार्म की गोशाला में काम करता था। शनिवार दोपहर ग्रामीणों ने उसे बरवाला गांव में संडीला नदी के किनारे अचेत देखा और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीण रहीम ने बताया कि बलजीत सिंह शांत स्वभाव का था और क्षेत्र में उसका किसी से विवाद या रंजिश नहीं थी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसआई ललित चौधरी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।

