दहशत: हाथियों के झुंड ने पिकअप वाहन पलटा, दो घायल
देहरादून। डोईवाला क्षेत्रांर्तगत लच्छीवाला के जंगल में बीती रात हाथियों के झुंड ने एक पिक-अप वाहन पर हमला बोल दिया। जिसके चलते वाहन में सवार दो व्यक्ति घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात डोईवाला के लच्छीवाला जंगल में हाथियों के एक झुंड ने सड़क से गुजर रहे एक वाहन पर हमला बोल दिया। इस हमले में वाहन में सवार दो व्यक्ति घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि यह घटना बीती रात लगभग 11.15 बजे लच्छीवाला जंगल के मणिमाई मंदिर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर देहरादून की दिशा में घटित हुई है। जिसमें लगभग पांच हाथियों का एक झुंड सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक सफेद रंग के महिंद्रा पिक-अप वाहन पर हाथियों के झुंड ने हमला बोल दिया, जिसके चलते वाहन पलट गया। बताया जा रहा है कि हाथियों के झुंड के जाने के बाद राहगीरों की मदद से महिंद्रा पिक-अप वाहन को सीधा किया गया, जिसमें दो लोग घायल मिले हैं। उनके नाम सुखिया राम व दिनेश बताये जा रहे हैं। हाईवे एंबुलेंस के माध्यम से इन दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।

