खुलासा: आपसी कहासुनी में की गयी थी हनी की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
पौड़ी। आपसी कहासुनी के दौरान हुई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को मात्र 24 घंटे के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि बीते रोज पुष्पा रावत, निवासी शिवपुर, कोटद्वार ने कोतवाली श्रीनगर पर तहरीर देकर बताया था कि 5 मई को ललित मोहन जोशी, विक्रम भंडारी, रोबिन ध्यानी, सोनू धीमान एवं राजू पंत आदि द्वारा उसके पति नैन सिंह रावत के साथ मारपीट करते हुए उनकी हत्या कर दी गयी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान मामला सही पाये जाने पर पुलिस द्वारा मात्र 24 घंटों के भीतर हत्यारोपी विक्रम सिंह, ललित मोहन जोशी और रोबिन ध्यानी को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि अन्य की तलाश जारी है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे सभी आपस में दोस्त हैं और अक्सर साथ रहते हैं। 5 मई को उनके द्वारा साथ में शराब पी गयी और स्थानीय दुकानदार प्रवेश धीमान की दुकान के सामने खडे़ हो गये। तभी वहां पर नैन सिंह रावत उर्फ हनी (मृतक) नारायण मेडिकल स्टोर के पास खड़ा था। तभी उसके साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गयी। उसे समझाने की कोशिश में बात बढ़ गयी तो बिक्रम सिंह व रोबिन ध्यानी ने नैन सिंह रावत उर्फ हनी को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान रोबिन ध्यानी ने आवेश में आकर नैन सिंह रावत उर्फ हनी के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। बहरहाल पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

