सुविधा: पौड़ी-कांसखेत-सतपुली रूट पर चलेगी जीएमओयू की बस, क्षेत्रवासियों ने किया स्वागत
पौड़ी। प्रमुख यातायात कंपनी जीएमओयू पौड़ी -कांसखेत-सतपुली रूट पर जल्द ही अपनी बस सेवा शुरू करने जा रही है। इस रूट पर बस चलने से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। जीएमओयू के इस निर्णय का लोगों ने स्वागत किया है। कंपनी अफसरों के मुताबिक एक सप्ताह के भीतर इस रूट पर बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस रूट पर मुसाफिरों की आवाजाही अभी छोटे वाहन के ही भरोसे चल रही है। पौड़ी जीएमओयू के स्टेशन प्रभारी अरुण रावत ने बताया कि यह बस सेवा पौड़ी मुख्यालय से सतपुली तक संचालित की जाएगा। पौड़ी से सतपुली के बीच कांसखेत, घंडियाल, बनेख बाघाट आदि कस्बों के लोगों को आवाजाही के लिए आसानी होगी। इसके साथ ही कल्जीखाल में डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए ट्रांसपोर्ट को लेकर सुविधा मिलेगी। बस सुबह करीब साढ़े 7 बजे सतपुली से चलेगी और करीब साढ़े 10 बजे पौड़ी मुख्यालय आएगी। इसके बाद पौड़ी से दोपहर 1 बजे फिर इसी रूट से होते हुए सतपुली के लिए चलेगी। जीएमओयू के मुताबिक इस रूट के लिए लोगों की डिमांड बस सेवा के लिए आ रही है लिहाजा कंपनी इसी सप्ताह अपनी बस सेवा का संचालन शुरू कर देगी। इस रूट पर करीब 5 साल बाद कोई बस सेवा शुरू होने जा रही है। कोविड से पहले इस रूट पर बस सेवा का संचालन होता था जो कोटद्वार से संचालित होती थी।इसके बाद इस रूट पर लंबे समय से बस सेवा की सुविधा लोगों के लिए नहीं मिली और छोटे वाहन ही आवाजाही का साधन है।

