सुनवाई: डीएम ने सुनीं लोगों की शिकायतें, अधिकारियों को दिए तय समय में निपटाने के निर्देश

सुनवाई: डीएम ने सुनीं लोगों की शिकायतें, अधिकारियों को दिए तय समय में निपटाने के निर्देश
Spread the love

 

नई टिहरी।  सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आम लोगों की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समाधान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि पुनः वही शिकायतें न आएं। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुनिकीरेती शीशमझाड़ी के निवासी लक्ष्मी और जगदीश कुलियाल ने टिपरी-भैड़पतला डांगियों पेयजल योजना में मरम्मत कार्य न होने के कारण पानी की आपूर्ति न होने की शिकायत की। उन्होंने यह भी कहा कि बावजूद इसके, उन्हें पेयजल के बिल भेजे जा रहे हैं, जिन्हें माफ किया जाए। डीएम ने इस पर त्वरित कार्रवाई के लिए ईई पेयजल निगम मुनिकीरेती और जल संस्थान देवप्रयाग को निर्देश दिए। इसके अलावा, अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष सोबन सिंह भंडारी ने ग्राम दुबलियाण में मोटर मार्ग कटान के मलबे से क्षतिग्रस्त मार्ग को सुधारने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि इसके लिए आपदा मद से धनराशि स्वीकृत की जाए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम सुरांश (साकरी) के राजेन्द्र भंडारी ने हेमलेट सांकरी गांव में सिंचाई गूल की मरम्मत की मांग की। इस पर डीएम ने डीडीओ और ईई लघु सिंचाई को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम पिपली के जयेन्द्र सिंह रावत ने पुनर्वास के तहत बस अड्डा बौराड़ी में दुकानों के लिए रास्ते देने की मांग की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सेम के राहुल सिंह राणा ने तहसील प्रतापनगर के मुगराली से कंगसाली तक के मोटर मार्ग का डामरीकरण और अन्य मार्गों पर आवश्यक मरम्मत कार्यों की मांग की। डीएम ने इन मुद्दों पर भी संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, पीडी डीआरडीए पीएस चौहान, डीडीओ मोहम्मद असलम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Parvatanchal