सिरफिरा: यूट्यूब वीडियो देखकर डॉक्टर बन बैठा पति, घर पर ही डिलीवरी कराते हुए हो गई पत्नी की मौत

सिरफिरा: यूट्यूब वीडियो देखकर डॉक्टर बन बैठा पति, घर पर ही डिलीवरी कराते हुए हो गई पत्नी की मौत
Spread the love

तिरुप्पुर (आरएनएस)। तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले से लापरवाही का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां इंटरनेट पर वीडियो देखकर घर में प्रसव कराने की कोशिश एक महिला की जान पर भारी पड़ गई। बिना चिकित्सकीय निगरानी के कराई गई डिलीवरी के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात बच्ची को डॉक्टरों ने सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, उथुकुली क्षेत्र के थलावैपलयम गांव की रहने वाली शशिकला पहले बच्चे को सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए जन्म दे चुकी थीं। इस बार परिवार सामान्य प्रसव कराना चाहता था। आरोप है कि महिला के पति कार्तिक ने इंटरनेट पर प्रसव संबंधी वीडियो देखकर घर पर ही डिलीवरी कराने का फैसला किया। इस दौरान उसकी मां भी प्रसव प्रक्रिया में शामिल रही।
प्रसव के दौरान बिगड़ी हालत
बताया गया कि प्रसव के बाद नाल (प्लेसेंटा) सही तरीके से बाहर नहीं निकल सकी, जिससे शशिकला को तेज रक्तस्राव शुरू हो गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें पहले पेरुनदुरई के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने महिला को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि नवजात बच्ची की जान बचा ली गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद उथुकुली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बिना किसी प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी या डॉक्टर की निगरानी के घर पर प्रसव कराने का निर्णय किन परिस्थितियों में लिया गया। प्रारंभिक जांच में पति कार्तिक और उसकी मां की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
विशेषज्ञों की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि जिन महिलाओं की पहले सिजेरियन डिलीवरी हो चुकी हो, उनके लिए अगला प्रसव चिकित्सकीय निगरानी में होना अत्यंत आवश्यक होता है। ऐसे मामलों में घर पर प्रसव कराने का प्रयास मां और शिशु, दोनों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।

Parvatanchal