सियासी वार: पदयात्रा के बाद राहुल गांधी के बढ़ते जनाधार को देखकर भाजपा में डर, कांग्रेस नेता बगडवाल का आरोप
हल्द्वानी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हेमंत सिंह बगडवाल ने कहा है कि राहुल गांधी की पद यात्रा के बाद उनके बढ़ते जनाधार को देखकर भाजपा में डर बैठ गया है। भाजपा घबराने लगी है और उल्टे सीधे कदम उठाकर कांग्रेस की आवाज दबाने में लगी है।
यही कारण है कि भाजपा ने द्वेष भावना में आकर राहुल गांधी को अदालत के जरिए सजा कराई। साथ ही अदालत के आदेश संसद तक पहुंचने से पहले ही उनकी सदस्यता रद्द करा दी गयी।
कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष बगडवाल ने यहां हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा समेत अन्य मामलों में वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा सरकार में बौखलाहट है और वह अलोकतांत्रिक हरकतों पर उतारू हो गई है। बगडवाल का कहना है कि राहुल गांधी ने संसद में अडानी-मोदी के रिश्तों, अडानी की सेल कम्पनियों और रक्षा उद्योग, एयरपोर्ट और एसबीआई, एलआईसी का अडानी की कंपनियों में निवेश पर सवाल उठाए। इससे बौखला कर केंद्र सरकार ने न्यायपालिका को दबाव में लाकर राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त करने का कुचक्र रचा, जिसका कांग्रेस कमेटी पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने बताया कि इसके विरोध में ब्लॉक कमेटी शीघ्र ही केंद्र सरकार के खिलाफ सत्याग्रह करेगी। वार्ता में बोलते हुए पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह बिष्ट ने कहा कि सदस्यता रद्द होने के साथ ही राहुल गांधी को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भी भेज दिया गया। यह सब जितनी जल्दी हुआ उससे साफ पता चलता है कि इस मामले में भाजपा ने किस तरह का कदम उठाया है। आज हर कांग्रेसी राहुल गांधी को अपना आवास देने को तैयार है। पूरा देश भाजपा के इस तमाशे को देख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को आगे आकर यह बताना होगा कि आखिर उनके और अडानी के बीच क्या रिश्ते हैं। वार्ता में मुख्य रूप से कांग्रेस ब्लाक उपाध्यक्ष विक्रम रैकुनी व बालम बर्गली भी मौजूद रहे।

