सावधान: मानसून सीजन में मौसम विभाग ने यात्रियों को दी एहतियात बरतने की सलाह
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून आने के साथ ही चार धाम यात्रा मार्गों पर दिक्कतें बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने यात्रियों को मौसम का अपडेट लेकर ही यात्रा पर आने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण धामों में तापमान गिर सकता है, जिसकी वजह से लोगों को ठंड का सामना भी करना पड़ सकता है। यात्रियों को अपने साथ गर्म कपड़े भी लेकर चलने की सलाह दी गयी है।
उधर, हेमकुंड साहिब में जून माह में भी बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। हेमकुंड साहिब के साथ ही लोकपाल लक्ष्मण मंदिर परिसर में भी लगभग 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है। हेमकुंड साहिब का सरोवर भी आधे से अधिक बर्फ से ढका हुआ है। यहां चारों ओर बर्फ होने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
गौरतलब है कि हेमकुंड साहिब में मई माह तक बर्फबारी होती रही है और यह बर्फ अभी पिघली भी नहीं है। इस कड़ाके की ठंड में भी अब तक 85 हजार श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब के दर्शन कर लिए हैं। आस्था पथ पर अटला कुड़ी से हेमकुंड साहिब तक लगभग 3 किलोमीटर मार्ग पर बर्फ दिखाई दे रही है। तीर्थयात्री इन बर्फ की गलियों से होकर हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

