सरगर्मियां: पूर्व मेयर व वरिष्ठ नेता यशपाल राणा के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं ने पकड़ा जोर

सरगर्मियां: पूर्व मेयर व वरिष्ठ नेता यशपाल राणा के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं ने पकड़ा जोर
Spread the love

 

सात सितंबर को ग्रहण कर सकते हैं पार्टी की सदस्यता

रुड़की। रुड़की की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज़ हो गई है। पूर्व मेयर और वरिष्ठ नेता यशपाल राणा के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, राणा सात सितंबर को देहरादून में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।

बताया जा रहा है कि देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम हो सकता है। चर्चा है कि यशपाल राणा अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थामेंगे। रुड़की से देहरादून तक समर्थकों के बड़े काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की भी बात सामने आ रही है।

राणा के कांग्रेस में शामिल होने की खबर को आगामी चुनावों से पहले हरिद्वार जिले की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में उनकी राजनीतिक सक्रियता और स्थानीय पकड़ को देखते हुए उनके कांग्रेस में आने से पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय चुनावी समीकरणों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर है कि राणा के कांग्रेस में आने से रुड़की की सियासत में किसके समीकरण बनते और किसके बिगड़ते हैं। हालांकि, यशपाल राणा या कांग्रेस संगठन की ओर से अभी तक सदस्यता ग्रहण करने को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में सात सितंबर को होने वाले संभावित घटनाक्रम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Parvatanchal