सबक: पल्लेदारों को गोली मारने के आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार, ढुलाई के रेट को लेकर हुआ था विवाद

सबक: पल्लेदारों को गोली मारने के आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार, ढुलाई के रेट को लेकर हुआ था विवाद
Spread the love

 

काशीपुर। अनाज मंडी में बोरी लादने के रेट के विवाद को लेकर दो पल्लेदारों को गोली मारकर घायल करने के आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 32 बोर का पिस्टल भी बरामद कर लिया है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मुरादाबाद रोड की अनाज मंडी में 19 जुलाई की दोपहर आढ़ती वीरेंद्र सिंह की बोरी लादने के रेट को लेकर पल्लेदारों के साथ विवाद हो गया था। विवाद की सूचना पर वीरेंद्र का पुत्र मोहित अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर मौके पर पहुंच गया। विवाद होता देख मोहित ने रिवाल्वर से फायर झोंक दिए। गोली लगने से पल्लेदार सरवरखेड़ा निवासी नसीम पुत्र लतीफ और नजाकत पुत्र रियासत गंभीर रूप से घायल हो गए। कुंडा थाना प्रभारी विक्रम राठौर ने बताया कि इस मामले में गांव सरवरखेड़ा निवासी अतीक अहमद पुत्र अब्दुल लतीफ की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मोहित और उसके पिता वीरेंद्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 115(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंडी चौकी प्रभारी मनोहर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मोहित की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 32 बोर का रिवाल्वर बरामद कर लिया है।

Parvatanchal