सफलता: पुलिसकर्मी की पत्नी की सनसनीखेज हत्या का खुलासा, आरोपी वैल्डर अशरफ उर्फ भूरा गिरफ्तार
हल्द्वानी। शहर में पिछ्ले दिनों हुई महिला की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करने की जी-तोड़ कोशिश में जुटी स्थानीय पुलिस को आखिरकार कामयाबी मिल ही गई। इसके साथ ही पुलिस ने हत्यारोपी को भी पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने बाजपुर कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मी शंकर सिंह बिष्ट की पत्नी ममता बिष्ट की दिनदहाड़े हुई हत्या का खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने किच्छा के अशरफ उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गत 3 नवंबर को यहां मुखानी थाना क्षेत्र के कालिका कॉलोनी में रहने वाले पुलिसकर्मी शंकर सिंह बिष्ट की पत्नी ममता बिष्ट की अशरफ उर्फ भूरा नाम के व्यक्ति ने धारदार हथियार से हत्या कर दी थी, हत्या को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। एसएसपी नैनीताल पंकज भट्ट के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की कई टीमें इस पूरे मामले की जांच में जुट गई थीं।
सोमवार को डीआईजी निलेश आनंद भरणे ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अशरफ शंकर सिंह बिष्ट के घर में पहले वेल्डिंग का काम कर चुका था, इसलिए लूट की योजना बनाकर वह तीन नवंबर की सुबह 11:30 बजे घर में घुस गया, जिसके बाद उसने नीचे के कमरे से लेकर ऊपरी मंजिल के कमरे में लूट की घटना को अंजाम दिया। क्योंकि मृतका ममता बिष्ट हत्यारे को अच्छी तरह से जानती थी, इसलिए उसने उसको घर में आने दिया। इस बात का फायदा उठाकर हत्यारोपी अशरफ उर्फ भूरा ने ममता बिष्ट की हत्या कर दी और घर में रखे सोने के आभूषण समेटकर वह फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है।

