सनसनी: बेटे ने लोहे की रॉड से मार कर मां को उतारा मौत के घाट
देहरादून। राजधानी के डालनवाला थाना क्षेत्र में डिप्टी एसपी के बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने हाथ की नस काट ली थी जिस पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार डालनवाला के बलबीर रोड स्थित जजेस कॉलोनी की भागीरथी एनक्लेव में यह सनसनीखेज हत्याकांड हुआ है। यहां पर सीओ मलखान सिंह का मकान है। जो वर्तमान में मुरादाबाद में तैनात हैं। सीओ मलखान सिंह ने अपनी पत्नी बबीता (55) को कल फोन किया तो उनका फोन नहीं उठा। जिस पर उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया लेकिन उन्हें घर के भीतर का कुछ पता नहीं चल पाया।
इस पर मलखान सिंह को चिंता हुई और वे खुद मुरादाबाद से घर के लिए निकल गये। घर पहुंच कर जब उन्होंने दरवाजा खुलवाया तो उनके बेटे आदित्य ने दरवाजा खोला। उन्होंने देखा कि बाहर वाले बेडरूम में उनकी पत्नी बबीता की खून से लथपथ लाश पड़ी हुई थी।जबकि उनके बेटे आदित्य की भी हाथ की नस काटी हुई थी।
हालात देख कर मलखान सिंह को यह समझते देर नहीं लगी कि उनके बेटे ने ही हत्या की है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
एसएसपी अजय सिंह बताया कि जिस युवक ने अपनी मां की हत्या की है उसकी मानसिक स्थिति सही नहीं है क्योंकि पहले से ही उसकी दवाई चल रही है। अभी इसका पता नहीं चल पाया है कि आखिर किस कारण युवक ने अपनी मां की हत्या की है। मामले की जांच की जा रही है। आगे की जानकारी जुटाई जा रही है कि आखिर कल रात ऐसा क्या हुआ जो की युवक ने अपनी मां की ही हत्या कर दी।

