सनसनी: बीडीसी सदस्य की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, आवास के नीचे मिला शव

सनसनी: बीडीसी सदस्य की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, आवास के नीचे मिला शव
Spread the love

बागेश्वर(आरएनएस)।  कपकोट क्षेत्र के जालेख के क्षेत्र पंचायत सदस्य और भराड़ी के व्यापारी 48 वर्षीय तारा सिंह कोरंगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव खीर गंगा नदी के किनारे स्थित आवास के नीचे मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि घटना की रात तारा सिंह घर पर अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और माता-पिता गांव में थे। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली करीब तीन वर्षीय बच्ची सोनी बरामदे में मुंह धोने आई तो उसने नीचे शव देखा। उसने इसकी जानकारी अपनी मां को दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी। तारा सिंह कोरंगा के पिता मोहन सिंह कोरंगा ने बताया कि उन्होंने रात करीब 8:30 बजे बेटे को फोन किया था, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया और न ही बाद में कॉल बैक किया।
ग्रामीणों के अनुसार तारा सिंह कोरंगा रात करीब 10:20 बजे तक गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज कर रहे थे। वह परिवार में इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे हैं। एसओ प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
तारा सिंह कोरंगा के निधन पर भराड़ी के व्यापारियों में शोक की लहर है। व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और शोकसभा कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान बाजार में सन्नाटा पसरा रहा।

Parvatanchal