सख़्त तेवर: अवैध खनन पर चढ़ा विधायक चौहान का पारा, अफसरों को दी कार्रवाई की चेतावनी

सख़्त तेवर: अवैध खनन पर चढ़ा विधायक चौहान का पारा, अफसरों को दी कार्रवाई की चेतावनी
Spread the love

विकासनगर। पछुवादून की नदियों में हो रहे अवैध खनन और उप खनिज के अवैध भंडारण पर एक बार फिर विकासनगर विधायक मुन्ना चौहान का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि इसके बाद अवैध खनन और उप खनिज के अवैध भंडारण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जाएगी। दरअसल, विधायक चौहान नवाबगढ़ के ग्रामीणों की शिकायत पर जलभराव की समस्या देखने पहुंचे थे। पुल नंबर एक के पास नाले में भारी जलभराव होने से लोगों के घरों को खतरा पैदा गया था। इसके साथ ही संपर्क मार्ग पर भी नाले का पानी बहने से आवाजाही प्रभावित हो रही थी। विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नाले की सफाई करने व जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जलभराव की समस्या का जायजा लेते हुए विधायक को उत्तराखंड जल विद्युत निगम की जमीन पर बड़ी मात्रा में उप खनिज भंडारण दिखाई दिया। संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने पर पता चला कि इस क्षेत्र में उप खनिज भंडारण की किसी को भी अनुमति नहीं दी गई है। अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर विधायक बिफर पड़े। उन्होंने मौके पर मौजूद तहसील प्रशासन, पुलिस और यूजेवीएनएल के अधिकारियों को लापरवाही के लिए कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध भंडारण कानूनी अपराध है। इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने अवैध भंडारण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बता दें, दो माह पूर्व भी अवैध खनन को लेकर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा था। उस समय भी नावबगढ़ क्षेत्र में ही एक ट्रेक्टर ट्रॉली को रोककर उन्होंने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन पुलिस के एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचने से गुस्साए विधायक ने एसएसपी को जिम्मेदार पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद एसएसपी ने दो पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया था। विधायक चौहान ने कहा कि किसी भी कीमत पर सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। अवैध भंडारण करने के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

Parvatanchal