संवेदना: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने सड़क हादसे में हुई मौतों पर जताया दु:ख, सीएम से की मुआवजा देने की मांग
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने जनपद पिथौरागढ़ के ऐंचोली क्षेत्र में अंडोली के पास हुए हृदय विदारक सड़क हादसे पर गहरा दुःख जताया है। करन माहरा ने सड़क दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना से कई लोग असमय काल कल्वित हो गये हैं उनके परिजनों के लिए यह असहनीय दुःख है। हम उनके दुःख को बांट तो नहीं सकते परन्तु इस दुःख की घडी में उनके साथ हैं।
करन माहरा ने इस प्रकार की सड़क दुर्घटनाओं को पहाड़ी मार्गों के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि पहाड़ों में होने वाले ऐसे हृदय विदारक हादसों को रोकने के उपाय होने चाहिए। माहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सड़क दुर्घटना के मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रूपये मुआबजा दिये जाने की मांग करते हुए घायलों के समुचित उपचार के इन्तजाम किये जाने की भी मांग की है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने मृतकों की आत्म शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार सड़क हादसे के शिकार लोगों के परिजनों के साथ है, सभी कांग्रेसजनों की प्रार्थना है कि ईश्वर मृतकों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देवें।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने भी इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुःख जताते हुए मृतकों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

