संवाद: पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने शुरू किया ‘पुलिस जनता के द्वार’ अभियान
रुद्रप्रयाग। जनपद में पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ’पुलिस जनता के द्वार’ अभियान के तहत जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इस क्रम में पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर की अध्यक्षता में थाना गुप्तकाशी क्षेत्र के नव-सम्मिलित गांवों में ग्रामीणों के साथ बैठक की गई।
इस दौरान हाल ही में नियमित पुलिस व्यवस्था के दायरे में आए ग्राम जोला, बड़ेथ, पाट्यूं, डूंगर और भटवाड़ी के ग्रामीणों को पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस उपाधीक्षक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है। उन्होंने स्थानीय समस्याओं को सुनकर उनके जल्द निस्तारण का भरोसा भी दिलाया। वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज के झांसे में न आएं। इसके साथ ही नशामुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने के लिए ग्रामीणों से सहयोग मांगा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कड़ी कार्रवाई की जा सके। आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता के लिए पुलिस ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को थाना गुप्तकाशी के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए। वहीं, पुलिस ने भी भविष्य में त्वरित कार्रवाई के लिए ग्राम प्रधानों और सम्मानित व्यक्तियों के मोबाइल नंबर संकलित किए।

