संदेहास्पद: जेल से रिहा होने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मिला व्यक्ति का शव
रुड़की। जेल से रिहा होने के बाद एक व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हरीश उर्फ मोनी नाम का व्यक्ति रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंबर तालाब मोहल्ले में रहता था। बताया गया है कि हरीश उर्फ मोनी अलग-अलग मामलों में कई बार जेल जा चुका है और बीते दिन ही वो जेल से रिहा हुआ था। वहीं पुरानी तहसील स्थित पड़ाव में बीती देर शाम मछली मोहल्ले के पास उसका शव पड़ा हुआ मिला। शव मिलने के बाद आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, इसी दौरान किसी ने शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही तत्काल गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल की जानकारी ली। मृतक के हाथ पर जेल से रिहाई की मुहर भी लगी हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
फोटो डी 2
आवाज़: तालाब में कूदे युवक की मौत की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने दिया धरना
रुड़की। माधोपुर में तालाब में कूदकर हुई युवक की मौत के प्रकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता रविवार को रोशनाबाद में एसएसपी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस के विधायकों के अलावा तमाम कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में धरना स्थल पहुंचे हैं। उन्होंने मामले को लेकर सीबीआई जांच की मांग उठाई है। साथ ही चेतावनी दी कि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह रातभर सड़कों पर रहेंगे और विधानसभा का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।उधर, कांग्रेसियों के धरने को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चैबंद की है। भारी संख्या में एसएसपी ऑफिस के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बीते शनिवार की रात को गोवंश संरक्षण की टीम रुड़की के माधोपुर गांव में पहुंची थी। इसी दौरान वसीम निवासी सोहलपुर गाड़ा पुलिस को देख कर तालाब में कूद गया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। मामले में ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया था और जमकर हंगामा किया था।

