संदिग्ध: पाॅलिटेक्निक के छात्र का शव संदिग्ध परिस्थिति में जंगल से बरामद, एक माह से था लापता
चमोली। एक माह से लापता पाॅलिटेक्निक के छात्र का मंगलवार को संदिग्ध परिस्थिति में सड़ा गला शव जंगल से बरामद हुआ। युवक के कपड़े व मोबाइल से शिनाख्त हो पाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विकासखंड ज्योतिर्मठ के उर्गम क्षेत्र के देवग्राम निवासी आदित्य नेगी (20) पुत्र रमेश नेगी राजकीय पाॅलिटेक्निक गोपेश्वर में आईटी द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह यहां किराये के कमरे में रह रहा था। बीते 13 मई की रात को अचानक वह लापता हो गया। उसका मोबाइल भी बंद था। परिजनों ने 15 मई को चमोली कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। इस बीच परिजन युवक की तलाश में लगे रहे। मंगलवार को गोपेश्वर के समीप रौली ग्वाड़ के जंगल में घास लेने गई स्थानीय महिलाओं ने सड़ा गला शव देखा। इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना पर चमोली कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया। शव इतना पुराना था कि उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने मृतक युवक के दोस्तों को बुलाया तो उन्होंने पकड़ों और उसके पास मिले मोबाइल से उसकी शिनाख्त कर दी। इसके बाद युवक के परिजन व क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी जिला अस्पताल पहुंचे। चमोली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट ने बताया कि शव पुराना होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा था। युवक के दोस्तों ने कपड़ों से उसकी शिनाख्त की। अन्य लोगों ने भी उसकी शिनाख्त की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

