संदिग्ध: रिजाॅर्ट में फंदे से लटकी मिली युवती की लाश, मालिक व मैनेजर हिरासत में
उत्तरकाशी। जनपद के संगमचट्ठी इलाके में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवती फंदे से लटकी हुई मिली है।मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में रिजाॅर्ट मालिक और मैनेजर को हिरासत में ले लिया गया है। युवती की मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर संगम चटृी के काफलो गांव स्थित एक रिजाॅर्ट में यह घटना सामने आई है। रिजाॅर्ट के कर्मचारियों द्वारा फोन पर जानकारी दी गई कि रिजाॅर्ट में काम करने वाली युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। युवती रिजाॅर्ट के पास के गांव की रहने वाली थी। सूचना पाकर पुलिस के साथ-साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए जिनके साथ कुछ अन्य ग्रामीण भी थे। युवती को फांसी पर लटका देखकर ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। क्योंकि युवती के पैर जमीन पर टिके हुए थे। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि उनकी बेटी बिना किसी कारण आत्महत्या नहीं कर सकती, उनका कहना है कि उसकी हत्या की गई।
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने रिजार्ट के मालिक और मैनेजर के साथ जमकर मारपीट की, फिलहाल पुलिस ने मालिक और मैनेजर को हिरासत में ले लिया है तथा उनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार युवती लगभग एक साल से रिजाॅर्ट में काम कर रही थी। ग्रामीणों से पूछताछ में उन्होंने कहा है कि वह एक समझदार और अच्छी लड़की थी। कभी उसके बारे में किसी ने कोई ऐसी बात नहीं सुनी। पूछताछ में यह भी पता चला है कि वह कल बाजार भी गई थी फिर बीती रात ऐसा क्या कुछ हुआ कि उसकी हत्या कर दी गई या फिर उसने आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने रिजाॅर्ट में लगे सीसीटीवी को अपने कब्जे में ले लिया है तथा रिजाॅर्ट के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

