शिकंजा: 43 लाख की ठगी करने वाला गुजरात से गिरफ्तार, निवेश में मुनाफे का दिया था लालच
देहरादून। एसटीएफ ने 43 लाख की रुपये की ठगी करने वाले को सूरत गुजरात से गिरफ्तार कर लिया, जिसे दून लाया जा रहा है।
आज यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने जानकारी देते हुये बताया कि जनपद हरिद्वार (रुड़की) निवासी पीड़ित द्वारा माह जून 2024 में साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन देहरादून पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। पीड़ित द्वारा बताया गया कि एक दिन उसके इंस्टाग्राम आईडी पर स्टॉक ट्रेडिंग की जानकारी सम्बन्धी एक विज्ञापन आया व उसे व्हाट्सेप ग्रुप फोरचुन एलाइंस 701 एवं स्वीप 2717 से भी जोड़ दिया गया। उसमें उसे स्टॉक ट्रेडिंग में निवेश करके अच्छा खासा मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया जाने लगा। इसके बाद उसे कम निवेश करके अधिक मुनाफा कमाने के दिये जा रहे प्रलोभनों के जाल में फंसाते हुए उससे 43 लाख 11 हजार रुपये की ठगी कर ली गयी। प्रकरण की गम्भीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ द्वारा घटना के शीघ्र खुलासे हेतु पुलिस टीम गठित कर वारदात के सफल एवं शीघ्र खुलासे हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। साईबर क्राईम पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त बैंक खातों, मोबाइल नम्बरों तथा व्हाट्सएप की जानकारी हेतु सम्बन्धित बैंकों, सर्विस प्रदाता कम्पनी तथा मेटा एवं गूगल आदि से पत्राचार कर डेटा प्राप्त किया गया। प्राप्त डेटा के विश्लेषण से जानकारी में आया कि आरोपियों द्वारा पीड़ित से धोखाधड़ी से ठगी गयी धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में स्थानान्तरित किया गया था। बैंक खातों के अवलोकन से प्रकाश में आया कि आरोपियों द्वारा इन बैंक खातों में फर्जी आईडी से लिये गये मोबाईल नम्बरों को एसएमएस अलर्ट के रूप में रजिस्टर्ड किया गया था। जांच के दौरान साईबर थाना पुलिस टीम द्वारा तकनीकी व डिजिटल साक्ष्य एकत्र कर घटना से सम्बन्धित आरोपियों को चिन्ह्ति करते हुये उनकी तलाश शुरू की तथा गिरफ्तारी हेतु कई स्थानों पर दबिशें दीं, किन्तु आरोपी काफी शातिर किस्म के हैं जो पुलिस को चकमा देने के उद्देश्य से समय-समय पर अपनी लोकेशन बदलते रहते थे। साईबर पुलिस टीम द्वारा अथक मेहनत एवं प्रयास से तकनीकी संसाधनों का प्रयोग करते हुये साक्ष्य एकत्रित करते हुए मुकदमे में वांछित एक आरोपी समीर दिलावर पटेल पुत्र दिलावर पटेल को श्रीराम अमरोली गुजरात से गिरफ्तार कर लिया गया जिसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बैंक खाते का एसएमएस एलर्ट नंबर सहित मोबाइल फोन, व बैंक पास बुक बरामद हुए हैं। एसटीएफ द्वारा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसै दून लाया जा रहा है।

