शिकंजा: हाईवे पर हवाई फायरिंग मामले में युवक गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
रुद्रपुर। पुलिस ने हाईवे पर हवाई फायरिंग करने के मामले में युवक को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। बीते दिनों सोशल मीडिया पर बाइक सवार युवकों को एक वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस के मुताबिक, शनिवार की देर रात एसआई धीरज टम्टा पुलिस टीम के साथ शांति व्यवस्था और अपराध रोकथाम के लिए गश्त पर थे। इसी दौरान इंद्रा चौक पर मुखबिर से सूचना मिली कि सोशल मीडिया पर वायरल चलती मोटरसाइकिल से फायरिंग करने वाला युवक इस समय ब्लॉक रोड पर तमंचा लेकर घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ब्लॉक रोड पहुंची। जहां संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। युवक की पहचान संजय कोली पुत्र कल्लू राम निवासी रम्पुरा वार्ड नंबर 21 के रूप में हुई है। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने यह तमंचा नानकमत्ता से खरीदा था और इसी से हाईवे पर चलते हुए फायरिंग की थी।
नाबालिग समेत तीन युवकों पर जानलेवा हमला, मुकदमा
दूसरी ओर, शहर के रम्पुरा क्षेत्र से एक नाबालिग समेत तीन युवकों के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। रम्पुरा वार्ड नंबर 24 निवासी एक महिला ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर बताया कि 6 फरवरी की शाम करीब पांच बजे उनका नाबालिग बेटा अपने दोस्तों देव पुत्र राजेन्द्र और हरिओम पुत्र वीरेंद्र के साथ दुकान से घर लौट रहा था। जैसे ही तीनों सीर गोटिया मस्जिद के सामने पहुंचे, वहां मौजूद कुछ युवकों ने बिना किसी कारण उनके साथ लात-घूंसों और बेल्टों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में तीनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए ले जाया गया। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

