शिकंजा: लेडी डॉन काजल खत्री को देर रात ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लेकर आई पुलिस

शिकंजा: लेडी डॉन काजल खत्री को देर रात ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लेकर आई पुलिस
Spread the love

 

एयरलाइंस क्रू मेंबर की हत्या मामले में होगी पूछताछ

नोएडा। नोएडा में एयर इंडिया के एक क्रू मेंबर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या की कथित साजिश रचने वाली लेडी डॉन काजल खत्री को गिरफ्तार किया। देर रात नोएडा पुलिस काजल को ट्रांजिट रिमांड लेकर आई। पुलिस आज काजल खत्री से एयरलाइंस क्रू मेंबर की हत्या के मामले में पूछताछ करेगी। गैंगस्टर कपिल मान की गर्लफ्रेंड काजल खत्री ही एयरलाइंस क्रू मेंबर की हत्या की मास्टरमाइंड थी और इसके तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी जुड़े हो सकते हैं।
दरअसल इस साल 19 जनवरी को नोएडा के सेक्टर 104 में बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार में बैठे एयरलाइंस कर्मी सूरज मान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जेल में बंद गैंगस्टर कपिल मान के इशारे पर वारदात को अंजाम दिया गया था। मृतक एयरलाइंस कर्मी सूरज मान दिल्ली के गैंगस्टर प्रवेश मान का सगा भाई था। इस हत्या के पीछे का मास्टरमाइंड कपिल मान की गर्लफ्रेंड काजल खत्री को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है।
हालांकि, नोएडा पुलिस की कई टीम काजल की गिरफ्तारी को लेकर लगातार प्रयास कर रही थी। लेकिन वह हर बार चकमा देकर फरार हो जाती थी। नोएडा पुलिस ने काजल पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद अब नोएडा पुलिस काजल को ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा ले आई है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।
इस मामले में अभी तक तीसरे शूटर की पहचान नहीं हो सकी है। संभावना है कि काजल से पूछताछ के बाद तीसरे शूटर की पहचान हो सकती है। बताया जा रहा है कि तीसरा शूटर ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, इस पूरे हत्याकांड की कहानी काजल ने लिखी थी। काजल मोबाइल ऐप के जरिए जेल में बंद कपिल और शूटरों के बीच कम्युनिकेशन करती थी। लोकेशन से लेकर हथियार मुहैया कराना और साजिश को अंजाम तक पहुंचाना तथा पैसों का लेनदेन सब कुछ काजल के हाथ में ही है। दरअसल, कपिल के जेल में रहने से उसका पूरा गैंग काजल ही ऑपरेट कर रही थी। लेकिन अंतिम फैसला कपिल का ही होता है।
गौरतलब है कि एक प्लॉट को लेकर गैंगस्टर कपिल मान और प्रवेश मान के बीच बीते कई सालों से गैंगवार चल रही है। दोनों पक्ष से पांच लोगों की हत्या अब तक हो चुकी है। सूरज मान की हत्या भी गैंगवार का ही नतीजा थी। हत्या के बाद पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गैंगस्टर कपिल मान के भाई समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।
वारदात के अगले ही दिन पुलिस ने कपिल मान के भाई धीरज मान समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। एक अन्य की गिरफ्तारी बाद में भी हुई थी। इस मामले में नोएडा पुलिस ने बाद में कपिल मान के करीबी दिल्ली के खेड़ा खुर्द निवासी शक्ति मान, संजीत और हरजीत मान व कन्छावाला निवासी सोनू उर्फ विकास और रोहिणी निवासी काजल खत्री को भी आरोपी बनाया था। पुलिस के मुताबिक, काजल मंडोली जेल में बंद दिल्ली के गैंगस्टर कपिल मान की गर्लफ्रेंड है।

आखिर कौन है ये काजल खत्री और उसे क्यों कहा जाता है लेडी डॉन? पुलिस के हवाले से सोशल मीडिया पर उपलब्ध विवरण के अनुसार, लगभग चार साल पहले दिल्ली के एक बड़े होटल में एक कार्यक्रम चल रहा था। यहीं पर कपिल मान उर्फ कल्लू और काजल की मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। बातचीत का ये सिलसिल बाद में करीबी रिश्ते में बदल गया। कपिल पहले कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता था। बाद में प्रवेश मान भी लॉरेंस के गैंग का हिस्सा बन गया, इसलिए कपिल ने खुद को अलग कर लिया और जुलाई 2018 में अपना गैंग बना लिया। गैंगस्टर प्रवेश मान ने कपिल मान के पिता की हत्या की थी और उसी का बदला लेने के लिए प्रवेश के भाई सूरजमान को मारा गया था।
जानकारी के मुताबिक, कपिल से मुलाकात के बाद काजल भी उसके गैंग का हिस्सा बन गई। बताया जाता है कि कुछ वक्त बाद ही काजल और कपिल मान ने शादी कर ली। पुलिस के मुताबिक, जब से कपिल जेल गया है, तब से काजल ही उसका गैंग चला रही है। काजल गैंग को ऑनलाइन तरीके से चलाने में माहिर है और अपने गैंग के शूटर्स को इंस्टाग्राम चैट के जरिए निर्देश देती है। उसके एक इशारे पर गैंग के शूटर किसी की भी जान के दुश्मन बन जाते हैं। इतना ही नहीं, जेल में बंद गैंग के दूसरे गुर्गों को कानूनी मदद भी काजल ही उपलब्ध कराती है। सूरजमान हत्याकांड के बाद पुलिस ने उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम रखा और उसका नाम मोस्ट वांटेड लिस्ट में आ गया।

Parvatanchal