शिकंजा: लिफ्ट के बहाने रोक कर लूट लेते थे राहगीरों को, दो आरोपी बदमाश गिरफ्तार

शिकंजा: लिफ्ट के बहाने रोक कर लूट लेते थे राहगीरों को, दो आरोपी बदमाश गिरफ्तार
Spread the love

 

रुड़की।  राहगीरों से लूट में शामिल रुड़की के दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर तमंचा, स्कूटी, बाइक, फोन व अन्य सामान बरामद किया है। बदमाशों के बाकी साथियों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है। मंगलौर कोतवाली में एसपी देहात एसके सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि सलमान निवासी लाठरदेव शेख ने तहरीर देकर बताया था कि वह पांच जून को अपने साथी दानिश के साथ देर रात स्कूटी पर सवार होकर अब्दुल कलाम चौक से गुजर रहा था। तभी एक युवक ने लिफ्ट लेने का इशारा कर उन्हें रोक लिया था। जब उन्होंने स्कूटी रोकी तभी युवक ने स्कूटी की चाबी निकाल ली और आवाज देकर अपने साथियों को बुला लिया था, जिन्होंने आते ही तमंचे से फायर किया था। डर के मारे सलमान और दानिश स्कूटी को घटना स्थल पर छोड़ कर अपनी जान बचाकर वहां से भाग गए थे। जबकि दीपक कुमार निवासी अकबरपुर माजरा देवबंद जिला सहारनपुर ने तहरीर देकर बताया था कि बीते गुरुवार को खाने की डिलीवरी के लिए आसफनगर झाल के पास से गुजर रहा था, तभी लिफ्ट लेने के बहाने दो युवकों ने रोक लिया था। उनमें से एक युवक ने तमंचा दिखाकर बैग पर्स और अन्य सामान लूट लिया था। रात के वक्त हुई लूट की वारदात होने पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। एसपी देहात ने बताया कि कस्बे में लूट की वारदात को अंजाम देने के मामले में आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र इस्तकार और सलमान उर्फ लाला पुत्र सलाम निवासी पाडली गुर्जर कोतवाली गंगनहर को गिरफ्तार किया गया है। जिनसे 315 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, स्कूटी, बाइक, फोन आधार कार्ड आदि सामान बरामद किया है। पुलिस टीम में मंगलौर सीओ विवेक कुमार, इंस्पेक्टर अमरचंद शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र राठी, उप निरीक्षक नवीन चौहान, हेमदत्त भारद्वाज, वाजिंद्र नेगी, हेड कांस्टेबल अशोक मलिक, रविंद्र खत्री, राजेश और रोशन शामिल रहे।

Parvatanchal