शिकंजा: फ़रार चल रहे दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, तलवारबाजी और मारपीट करने का है आरोप
नैनीताल। नुमाइश के दौरान तलवारबाजी व मारपीट कर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपी जिला उधमसिंहनगर के अलग-अलग थानों के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर हैं, जिन पर कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, बीती 20 जुलाई को अजीत सिंह बगडवाल पुत्र टीकम सिंह बगडवाल, निवासी रामड़ी छोटी, निकट के.वी.एम. स्कूल, गांधी आश्रम मुखानी, हल्द्वानी (जिला नैनीताल) द्वारा नुमाईश एम.बी. इन्टर कालेज ग्राउण्ड में वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद के दौरान कुछ नामजद व कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियार से मारपीट व गाली गलौज के सम्बन्ध में दी गयी तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीती 24 जुलाई को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना में दो हमलावर फरार थे, जिन्हें पुलिस व एसओजी ने देर रात मुक्त विश्व विद्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की गयी है। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि गिरफ्तार आरोपी सिमरनदीप व आशु उर्फ आशुतोष, मुख्य आरोपी देवेन्द्र ,जो वर्ष 2022 में एमबी डिग्री कालेज हल्द्वानी में मारपीट के मामले में जेल गया था, उस दौरान उसकी उन दोनों से जेल में मुलाकात हुई थी। जहाँ से उनकी आपस में दोस्ती हो गयी और 20 जुलाई को नुमाईश मैदान में हुई घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अपनी स्कार्पियो कार से फरार हो गये थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आशुतोष उर्फ आशु थाना किच्छा का हिस्ट्रीशीटर है जिसके खिलाफ जनपद उ.सि.नगर में हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट, अस्लहों की तस्करी आदि के कुल 15 मुकदमे दर्ज है। वहीं आरोपी सिमरनदीप सिंह, थाना पुलभट्टा, जनपद उ.सिं.नगर का हिस्ट्रीशीटर है जिसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, अवैध अस्लाह, गुंडा अधिनियम, गैंगस्टर अधिनियम के तहत जनपद उ.सिं.नगर में कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दोनों व्यक्ति हार्डकोर अपराधी हैं।

