शिकंजा: पुलिस व एसओजी की टीम ने दबोचा ईनामी बदमाश, वाहनों की चोरी और  लूटपाट में संलिप्त था आरोपी

शिकंजा: पुलिस व एसओजी की टीम ने दबोचा ईनामी बदमाश, वाहनों की चोरी और  लूटपाट में संलिप्त था आरोपी
Spread the love
रुद्रपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और ईनामी बदमाशों की धरपकड़ को चलाए जा रहे  अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस व एसओजी ने 25 हजार के ईनामी बदमाश को गिरफ़्तार किया है।  बुधवार दोपहर को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टिसी ने खुलासा करते हुए बताया कि एसपी सिटी मनोज कत्याल के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर विक्रम राठौर व एसओजी प्रभारी के नेतृत्व में टीम फरार 25 हजार रुपये के ईनामी अपराधी मुकर्रम,  निवासी मुरादपुर, थाना सिम्भावली, जिला हापुड़ (यूपी) की गिरफ्तारी में  जुटी हुई थी। उन्होंने बताया कि ईनाम घोषित करने से पहले बदमाश के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर 82-83 की कार्रवाई की गई। इसके बाद रुपये 25 हजार का ईनाम घोषित किया गया था। एसएसपी ने बताया कि पुलिस सर्विलांस की मदद से  हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ आदि स्थानों पर तलाश की गयी। आखिरकार ईनामी बदमाश को ब्लाक रोड से दबोच लिया गया। आरोपी  वाहनों की चोरी व लूटपाट कर उनको बेचने व खरीदने का काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि पहचान छिपाने के लिये वह यूपी में ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था। पुलिस ने जिस वक्त उसे गिरफ्तार किया वह हल्द्वानी जेल में बंद भाई से मिलाई करने आ रहा था।  उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने टीम को बधाई दी है। खुलासे के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, सहायक पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके व सीओ पंतनगर तपेश कुमार चंद मौजूद थे। टीम में प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर, एसआई हरविन्दर कुमार, एसआई ललित विष्ट व बलराम के अलावा एसओजी प्रभारी विजेन्द्र साह आदि शामिल रहे।

Parvatanchal