शिकंजा: पुलिस ने तीन घंटे में कर दिया बाइक चोरी का खुलासा, नशे के लिए वारदात करने वाले तीन गिरफ्तार
देहरादून। विकासनगर के कुल्हाल क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात का दून पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की बाइक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने बाइक चोरी की थी। 3-4 सितंबर की रात तिमली निवासी इरशाद की सुपर स्प्लेंडर बाइक संख्या यूके-16-2645 रिवर व्यू रिजोर्ट कुल्हाल के पास से चोरी हो गई थी। शिकायत पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सुराग मिलने पर पुलिस ने रिवर व्यू रिजोर्ट के पास कच्चे रास्ते से इकरार (20), शेरखान (32) और मुकुल राज शर्मा (24) को चोरी की बाइक के साथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाइक के पार्ट्स बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस टीम में कुल्हाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, कांस्टेबल नितिन कुमार और होमगार्ड अर्जुन सिंह शामिल रहे।

