शिकंजा: पुलिस ने छिपाकर रखी बीस पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद, मौके से एक आरोपी को दबोचा
हरिद्वार। नगर निकाय चुनाव को देखते हुए जरायम पेशेवरों पर हरिद्वार पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। ज्वालापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीस पेटी अंग्रेजी शराब की खेप बरामद करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस का दावा है कि बरामद की गई शराब की कीमत लाखों में है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि चौक बाजार चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह तोमर बुधवार देर रात पुल जटवाड़ा के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली गंगनहर पटरी पर बने एक खंडहरनुमा भवन में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां मौजूद मिले एक युवक को दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर अंदर से 20 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद हुई।
दूसरी ओर, भगवानपुर में चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक,
पुलिस ने गश्त के दौरान चुड़ियाला जाने वाले संपर्क मार्ग से एक युवक को 305 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किए गए युवक कोर्ट में पेश कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात्रि भगवानपुर पुलिस ने क्षेत्र में गश्त अभियान चलाया था। पुलिस की गस्त चुड़ियाला से एक संपर्क मार्ग के समीप पहुंची वहां पर एक संदिग्ध युवक घूमता नजर आया। उसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन युवक संपर्क मार्ग से भागने लगा तभी पुलिस ने युवक को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से 305 ग्राम चरस बरामद हुई।

