शिकंजा: पुलिस के हत्थे चढ़े दो नशा तस्कर, कब्जे से कांवड़ में बेचने लाया गया 9.8 किलो गांजा बरामद

शिकंजा: पुलिस के हत्थे चढ़े दो नशा तस्कर, कब्जे से कांवड़ में बेचने लाया गया 9.8 किलो गांजा बरामद
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)। कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान नगर कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा सप्लाई में उपयोग होने वाली एक बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कांवड़ मेले में सप्लाई के लिए गांजा लाए थे। पुलिस के अनुसार हिल बाईपास पर रोडवेज वर्कशॉप के पास रेलवे कॉलोनी जाने वाले कच्चे रास्ते पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।
पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मोहित सैनी और रोहित सैनी निवासी लाल मंदिर ज्वालापुर बताया। दोनों आरोपियों की तलाशी में रोहित के बैग से 5.160 किलोग्राम और मोहित के थैले से 4.640 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति से बहादराबाद टोल प्लाजा के पास गांजा खरीदा था और उसे कांवड़ मेले में बेचने जा रहे थे।प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद बाइक और अन्य साक्ष्यों को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Parvatanchal