शिकंजा: पुलिस के हत्थे चढ़ी एक और वांछित महिला आभियुक्त, गबन के मामले में 8 माह से थी फरार
नयी टिहरी। जिला कोषागार में हुए सवा दो करोड़ रुपए से ज्यादा के गबन के मामले में पिछले 8 महीनों से फरार चल रही एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली के हवाई अड्डे से गिरफ्तार नैना शर्मा नाम की यह महिला मामले में पहले ही गिरफ्तार हो चुके एक आरोपी की गर्लफ्रेंड बताई है। गबन का यह मामला 2021 का है। जानकारी के अनुसार 2 9 दिसंबर 2021 को कोतवाली नई टिहरी पर सहायक कोषाधिकारी नई टिहरी अरविंद चौहान द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में कहा गया कि कोषागार में नियुक्त लेखाकार जयप्रकाश शाह व यशपाल सिंह द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सरकारी धन 2,21,23,150/- (दो करोड़ इक्कीस लाख तेइस हजार एक सौ पचास रुपये ) का गबन किया गया है। थाना पुलिस ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।
इसके बाद एसएसपी के आदेशानुसार, तत्काल थाना हाजा पर अभियोग पंजीकृत किया गया और विवेचना प्रारम्भ की गई थी। विवेचना के दौरान उक्त अभियोग में कोषागार नई टिहरी में नियुक्त लेखाकार अभियुक्त जयप्रकाश शाह, अभियुक्त यशपाल सिंह व उनके सहयोगी अभियुक्त सुरेंद्र सिंह, अभियुक्त मनोज कुमार, अभियुक्त सोम प्रकाश (जय प्रकाश का सगा भाई ), अभियुक्त सागर पांचाल व अभियुक्त दीपक सैनी द्वारा उक्त कोषागार से 2,85,85,031/- (दो करोड़, पिचासी लाख, पिचासी हजार, इकतीस रुपये) की सरकारी धनराशि का गबन करने के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था।
मामले की पड़ताल के दौरान यह बात भी सामने आई कि अभियुक्तगण जयप्रकाश व यशपाल द्वारा नैना शर्मा नाम की एक महिला के IDBI खाते पर भी 20,18,250/- रुपए डाले गये थे। और अधिक जानकरी करने पर पता चला कि नैना शर्मा पत्नी सौरभ शर्मा, निवासी S-226 II फ्लोर स्कूल ब्लॉक शकरपुर, नई दिल्ली अभियुक्त सागर पांचाल की महिला मित्र थी।
अभियुक्त नैना शर्मा की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल व क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में थाना कोतवाली नई टिहरी के प्रभारी निरीक्षक द्वारा चौकी प्रभारी वीपुरम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त नैना शर्मा की गिरफ्तारी हेतु कई बार नई दिल्ली में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई किन्तु वह पकड़ मे नहीं आ पाई। पुलिस टीम को पता चला कि वह बांग्लादेश भाग गई है, जिस पर पुलिस टीम द्वारा एयर पोर्ट प्रशासन को महिला के फरार होने के बारे में बताया गया था। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि अभियुक्त नैना शर्मा 31 जुलाई को विस्तारा फ्लाइट द्वारा ढाका (बांग्लादेश) से वापस नई दिल्ली आ रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त नैना शर्मा को IGI एयर पोर्ट टर्मिनल III नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे देहरादून लाकर न्यायालय ADJ-III विजिलेंस कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में अभियुक्त नैना शर्मा ने बताया कि वह सागर पांचाल की महिला मित्र है और सागर पांचाल ने ही उसे जयप्रकाश और यशपाल से मिलाया था। उन दोनों अभियुक्तों के साथ भी उसके अवैध संबंध बन गए थे और अक्सर अनैतिक कार्य के लिए उसे अपने पास बुलाते थे। नैना शर्मा ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते ही अभियुक्त यशपाल और जयप्रकाश ने कोषागार में सरकारी धनराशि का गबन कर उसमें से 20,18,250/- रुपये उसके आईडीबीआई अकाउंट में ट्रांसफर किए थे। नैना शर्मा ने यह भी बताया कि जब उसे पता चला कि कोषागार में हुए गबन को लेकर मुकदमा पंजीकृत हो गया है तो वह नई दिल्ली से ढाका बांग्लादेश भाग गई थी।
एसएसपी ने बताया कि उपरोक्त अभियुक्तों के खाते में गबन की जो सरकारी धनराशि जमा कराई गई थी, उसमें से 50 लाख रुपयों को अभी तक पुलिस द्वारा फ्रीज करवाया जा चुका है।
वांछित नैना शर्मा को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार चौकी प्रभारी बी पुरम कोतवाली नई टिहरी के अलावा कांस्टेबल सुनील कुमार, महिला कांस्टेबल लखमीरी पंचम व कांस्टेबल सोहन सिंह राणा शामिल रहे।

