शिकंजा: नशा तस्करी में लिप्त बरेली का युवक गिरफ्तार, तलाशी में दो किलो से ज्यादा चरस बरामद
रुद्रपुर। एंटी नॉरकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने चेकिंग के दौरान मनिहार खेड़ा रोड से 2.12 किलो चरस के साथ बरेली के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, एएनटीएफ टीम धामा कॉलोनी तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टीम को एक बाइक सवार आते दिखा। चेकिंग देख वह बाइक मोड़ने का प्रयास करने लगा। शक होने पर कर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। उसने अपना नाम मूल आनन्दीपुर, थाना देवरनिया, जिला बरेली (यूपी) हाल गायत्री कॉलोनी रुद्रपुर निवासी होरीलाल पुत्र केशरी लाल बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 2.12 किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भैंसिया निवासी भूरा नाम के व्यक्ति से चरस लेकर आया था। एएनटीएफ प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की बाइक और मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के बताए गए भूरा नाम के युवक के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। टीम में कौशल भाकुनी, भुवन चन्द पांडेय, दिनेश चंद्र, विनोद खत्री, हरीश गोस्वामी, कंचन चौधरी शामिल रहे।

