कांग्रेस: प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कुंभ में भगदड़ से हुई श्रद्धालुओं की मौत पर जतायी शोक संवेदना
देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कुंभ मेला में प्रयागराज के संगम तट पर मंगलवार-बुधवार की रात भगदड़ मचने से हुए हादसे में मारे गये श्रद्धालुओं के प्रति गहरा शोक प्रकट करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि अगर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर प्रशासन ने ध्यान दिया होता तो इतना बड़ा हादसा होने से टाला जा सकता था प्रशासन ने आम लोगों की सुरक्षा से ज्यादा वीआईपी की सुरक्षा और सुविधा पर ध्यान दिया जिस कारण इतना बड़ा हादसा हुआ और निर्दोष श्रद्धालुओं की जान गई है ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने इस हादसे के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की बदइंतजामी के कारण इतना बड़ा हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस दुखःद घटना के लिए सरकारी कुप्रबंधन, बदइंतजामी और आम श्रद्धालुओं की जगह विशिष्ठ व्यक्तियों के मूवमेंट पर प्रशासन का विशेष ध्यान होना ज़िम्मेदार है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में पूर्व में हुए हादसों से भी सरकार ने सबक नहीं लिया और धर्म के नाम पर केवल अपना राजनीतिक एजेंडा साधने के लिए प्रचार-प्रसार किया और साधु-संतों और श्रद्धालुओ को भगवान भरोसे उनके हाल पर छोड़ दिया।

