शिकंजा: एएनटीएफ के हत्थे चढ़ा अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर दया किशन तिवारी, पांच किलो से अधिक चरस बरामद
बागेश्वर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) उत्तराखंड द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। फोर्स की टीम ने जिला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ड्रग–तस्कर को बड़ी मात्रा में चरस के साथ दबोचा है। पकड़े गये अंतर्राज्यीय तस्कर की पहचान दया किशन तिवारी पुत्र स्वर्गीय पूर्णानंद तिवारी, निवासी नियर अरिहंत स्कूल हल्दुचौड़, थाना लालकुआं, जनपद नैनीताल (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है। एएनटीएफ ने वर्ष 2024 की शुरुआत में ही अपने अभियान में एक बार फिर से तेजी लाते हुए अंतरराज्यीय ड्रग–तस्कर को गिरफ्तार कर उससे 5 किलो 305 ग्राम चरस किया बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 26 लाख रुपए कीमत आंकी गई है। टीम के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त कई वर्षों से चरस की तस्करी में संलिप्त रहा है। अवैध नशे का बड़ा अंतर्राज्यीय नेटवर्क चलाने वाला ड्रग तस्कर तिवारी पिछले काफी समय से एएनटीएफ की रडार पर था।
सीओ एसटीएफ कुमाऊं सुमित पांडे व प्रभारी निरीक्षक एएनटीएफ पावन स्वरूप के नेतृत्व में ए.एन.टी.एफ टीम(एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) एवं जनपद बागेश्वर के थाना बैजनाथ पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गुरुवार की रात कार्रवाई करते हुए बागेश्वर जिले के तहत बैजनाथ थाना क्षेत्र से एक अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 5 किलो 305 ग्राम अवैध चरस बरामद की गयी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त दयाकिशन तिवारी पिछले कई सालों से उत्तराखंड में चरस की सप्लाई कर रहा था। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी तिवारी ने पूछताछ में बताया कि वह पहाड़ों में अलग-अलग व्यक्तियों से यह चरस खरीद कर लाया था। अब इसे लालकुआं व रुद्रपुर आदि मैदानी क्षेत्रो में बेचने जा रहा था कि ANTF टीम द्वारा ़उसे कंधार बैंड, ग्वालदम रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल के मुताबिक, ए.एन.टी.एफ. द्वारा गिरफ्तार तस्कर दयाकिशन तिवारी के खिलाफ थाना बैजनाथ (जनपद बागेश्वर) में एनडीपीएस की समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।
एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट द्वारा वर्ष 2023 में 27 किलो 412 ग्राम चरस, 7 किलो 915 ग्राम अफीम तथा 1 किलो 391 ग्राम स्मैक की बरामदगी की गई ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखंड द्वारा अपने ऑफिस नंबर जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि नशे से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी ना करें। नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हेतु तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें। एसटीएफ से संपर्क हेतुृ-
0135-2656202
9412029536

