शाबाश: भारत के आयुष शेट्टी ने दुनिया के नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी को हराकर रचा इतिहास, पीवी सिंधु भी जीतीं

शाबाश: भारत के आयुष शेट्टी ने दुनिया के नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी को हराकर रचा इतिहास, पीवी सिंधु भी जीतीं
Spread the love

नई दिल्ली (RNS)। भारत की राजधानी दिल्ली में शुरू हुई बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहले ही दिन एक ऐसा बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जिसने खेल जगत को पूरी तरह से चौंका दिया है। भारत के उभरते हुए युवा बैडमिंटन स्टार आयुष शेट्टी ने अपने असाधारण खेल से इतिहास रचते हुए वर्ल्ड चैंपियन और दुनिया के नंबर-1 चीनी खिलाड़ी शी यू ची को टूर्नामेंट के पहले ही राउंड में बाहर का रास्ता दिखा दिया है। दुनिया के 22वें नंबर के भारतीय शटलर की इस ऐतिहासिक और अविश्वसनीय जीत से पूरे स्टेडियम और देश में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रोमांचक मुकाबले में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी को दी करारी मात
नई दिल्ली के ऐतिहासिक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सोमवार से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का शानदार आगाज हुआ। मेंस सिंगल्स के पहले राउंड में आयुष शेट्टी के सामने चीन के दिग्गज और मौजूदा वर्ल्ड नंबर-1 शी यू ची की बेहद कठिन चुनौती थी। लेकिन भारतीय युवा स्टार ने बिना किसी दबाव के कोर्ट पर अपना दबदबा दिखाया। आयुष ने इस बेहद रोमांचक मुकाबले को 21-14, 13-21 और तीसरे निर्णायक गेम में शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने नाम कर लिया। इस करारी हार के साथ ही चीनी चैंपियन का सफर पहले ही दौर में खत्म हो गया है और भारतीय स्टार ने दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है।
जूनियर से लेकर सीनियर तक, आयुष शेट्टी का शानदार सफर
आयुष शेट्टी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले साल 2023 की वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी खास पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्हें सबसे बड़ी कामयाबी साल 2025 के यूएस ओपन में मिली थी, जहां उन्होंने फाइनल मुकाबले में कनाडा के ब्रायन यांग को 21-18, 21-13 से हराकर अपने करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ (क्चङ्खस्न) वर्ल्ड टूर खिताब अपने नाम किया था। अपनी इसी लय को बरकरार रखते हुए आयुष ने 2026 की बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया था और सिल्वर मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
पीवी सिंधु का भी धमाकेदार आगाज, एकतरफा मुकाबले में दर्ज की जीत
भारत की दिग्गज महिला शटलर और दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने भी वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। वर्ल्ड नंबर-9 सिंधु ने विमेंस सिंगल्स के अपने पहले मैच में आयरलैंड की सोफिया नोबल को महज 29 मिनट चले एकतरफा मुकाबले में 21-7, 21-11 से करारी शिकस्त दी। सिंधु ने पहले गेम में शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए 8-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी और 21 साल की सोफिया को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। हालांकि दूसरे गेम में 141वीं रैंकिंग वाली नोबल ने थोड़ा बेहतर खेल दिखाया और ब्रेक तक वह सिंधु से सिर्फ 3 अंक ही पीछे थीं, लेकिन भारतीय दिग्गज ने अनुभव का फायदा उठाते हुए अगले 13 में से 10 अंक झटक कर मैच आसानी से अपने नाम कर लिया। अब दूसरे राउंड में पीवी सिंधु का सामना कनाडा की वेन यू झांग से होगा।

Parvatanchal