शातिर: नौकरी के झांसे में रिटायर्ड प्रोफेसर ने गंवा दिए 7.5 लाख रुपए, मुकदमा दर्ज़
रुद्रपुर। ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के रिटायर्ड प्रोफेसर से साढ़े सात लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने इंटरनेट पर नौकरी खोजते समय फर्जी वेबसाइट पर आवेदन किया था, जिसके बाद साइबर ठगों ने खुद को यूनाइटेड नेशन्स डेवलपमेंट प्रोग्राम (यूएनडीपी), हांगकांग का अधिकारी बताकर उनसे दस्तावेज और धनराशि मांगी। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, एलायंस सिटी निवासी महेंद्र सिंह पाल पुत्र ब्रह्मादीन पाल ने बताया कि वह जून 2025 में पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय से प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने अगस्त में ऑनलाइन सर्च के दौरान कथित यूएनडीपी में प्रोजेक्ट मैनेजर पद के लिए आवेदन किया था। इसके बाद कई फर्जी मेल आईडी से उनसे संपर्क किया गया और चयन के नाम पर दस्तावेज मांगे गए। ठगों ने खुद को यूएनडीपी हांगकांग का असिस्टेंट टीम लीडर (एचआर) बताते हुए सरकारी आवास और वीजा व्यवस्था के नाम पर धनराशि भेजने को कहा। विश्वास में आकर उन्होंने दिए गए चीनी बैंक खाते में कुल सात लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। दो महीने इंतजार के बावजूद जब न वीजा मिला और न ही कोई आधिकारिक दस्तावेज, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर पर रविवार रात मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हैकर ने क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 70 हजार रुपये
ठगी की दूसरी घटना में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से 70 हजार रुपये निकाल लिए। ट्रांजिट कैंप निवासी नरदेव सिंह पुत्र सूशे सिंह ने बताया कि उनका मोबाइल नंबर क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते से लिंक है। 17 नवंबर की सुबह उनके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से खरीदारी का मैसेज आया, जबकि उन्होंने कोई लेनदेन नहीं किया था। युवक के मुताबिक, हैकर ने उनके फ्लिपकार्ट अकाउंट का एक्सेस हासिल कर एक महंगा फोन खरीद लिया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कोई ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की। अज्ञात साइबर ठग ने उनके क्रेडिट कार्ड का पासवर्ड हैक कर राशि निकाल ली। थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

